रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। नगर निगम सोनीपत मेयर निखिल मदान ने सम्पत्ति कर विभाग एवं नागरिक सुविधा केंद्र का किया औचक निरीक्षण। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे मेयर निखिल मदान ने आमजन की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर उनका समाधान किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम परिसर में सम्पत्ति कर विभाग और नागरिक सुविधा केंद्र में विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं का जायज़ा लिया। सुविधा केन्द्र में कार्य कराने पहुंचे आम लोगों से निगम कर्मियों की कार्यशैली और उनके काम के बारे में प्रतिक्रिया ली।
इस दौरान निखिल मदान ने बताया कि नगर निगम की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। आज उन्होंने काम करवाने आये लोगों से यही पूछा कि उनका काम किस वजह से औऱ कितने दिन से लंबित है, इसके बाद सम्बन्धित निगम कर्मी से जवाब मांगा गया और जनता के काम को जान बूझकर लटकाने वाले निगम कर्मचारियों को सख्त और अंतिम चेतावनी दी गई। अगर अब भी ऐसे कर्मचारी काम नहीं करेंगे तो उनके ऊपर विभागीय कार्यवाही करना तय है। इस दौरान उन्होंने निगम कार्यालय में सम्पत्ति क़र और गृहकर विभाग के सभी कर्मचारियों की बैठक ली और व्यवस्था सुधारने के लिए दिशा निर्देश दिए।
निखिल मदान ने बताया कि उनके पास रोजाना दर्जनों लोग आते हैं जो विभाग की कार्यशैली के बारे में शिकायत करते हैं। उसी विषय को लेकर उन्होंने खुद नागरिक सुविधा केंद्र का दौरा किया था और लोगों की समस्याएं सुनी थी। अब उनकी प्राथमिकता यही है कि प्रॉपर्टी आईडी और उससे संबंधित सभी कार्यों के लिए एक ही खिड़की पर सभी सुविधा उपलब्ध हो, ताकि आम नागरिकों को निगम कार्यालय में अधिकारियों की एक सीट से दूसरी सीट के चककर न काटने पड़े। उन्होंने बताया की पिछले कुछ वर्षों से नगर निगम कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते आम लोगों में नगर निगम की धारणा अच्छी नहीं है, जिसे ठीक करना ही उनका प्रारम्भिक लक्ष्य है। इस दौरान सुनील हुड्डा, अजय शर्मा, जुगल ज्योति आदि लोग मौजूद रहे।