एडिशनल सिविल जज (सी.डि.) सोनिया श्योकंद के निर्देशन में किया गया सफल आयोजन
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। एडिशनल सिविल जज (सीनियर डिविजन) एवं उपमंडल विधिक सेवाएं प्राधिकरण की चेयरपर्सन सोनिया श्योकंद के निर्देशानुसार टेहा गांव में शनिवार को कानूनी जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को कोविड-19 से बचाव के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की कानूनी जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के निर्देशन में उपमंडल विधिक सेवाएं प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित शिविर में एडवोकेट अंकित त्यागी तथा पीएलवी सुनील ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। विशेष रूप से उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय न्यायिक दिवस के तहत कानूनी जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि आम जनमानस को हर प्रकार के कानूनी अधिकार दिए गए हैं, जिनकी जानकारी हर व्यक्ति को होनी चाहिए। कानूनों की जानकारी होने पर ही हम अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं। एडवोकेट अंकित त्यागी ने इस दौरान कोविड-19 कोरोना वायरस के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हमें अभी कोरोना वायरस से मुक्ति नहीं मिली है।
तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में हमें सावधानी बनाये रखनी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। इसलिए लोगों को मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग की अनुपालना अनिवार्य रूप से करनी चाहिए। बेवजह भीड़ का हिस्सा नहीं बनना चाहिए। इसके अलावा एडवोकेट त्यागी व पीएलवी सुनील ने विधिक सेवाएं प्राधिकरण के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं, वृद्धजन तथा बच्चों के लिए प्राधिकरण के तहत कानूनी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती है। उनके अधिकारों की रक्षा की जाती है। प्राधिकरण के अंतर्गत दी जाने वाली कानूनी सहायता का पूर्ण लाभ उठाना चाहिए। इस मौके पर गणमान्य ग्रामीण मौजूद थे।