रणबीर रोहिल्ला, श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। रामनवमी पर्व पर आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इससे शहर में राममय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की और मन्नतें मांगी। रोहतक रोड स्थित श्रीराम मंदिर एवं अग्रवाल धर्मशाला में कीर्तन का आयोजन किया गया और सांय रथ यात्रा के माध्यम से भव्य झाकियां निकाली गई। झांकियों का रास्ते में जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। इसके साथ ही कई स्थानों पर भंडारे भी लगाए गए थे। जिनमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
बुधवार सुबह से ही मंदिरों में पूजा अर्चना का सिलसिला आरंभ हो गया था। शहर में ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी यह पर्व धूमधाम से मनाया गया। शहर के मंदिरों में कथा वाचकों ने श्रीराम की महिमा का बखान किया। भगवान श्रीराम की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक है। विपरित परिस्थितियों में जीवन से हार मान लेने वाले हताश व्यक्तियों के लिए भगवान श्रीराम का व्यक्तित्व एक प्रेरणा स्त्रोत है। श्रीराम जैसी लोकप्रियता कही देखने में नहीं आती। श्रीराम ने मातृ-पितृ की आज्ञा का पूरा पालन किया। भाईयों से उनका अनन्य प्रेम था।
प्रभु राम का जीवन, चरित्र और लीलाएं अति अनुकरणीय एवं अवर्णनीय है। शहर में कई स्थानों पर रामनवमी पर्व धूमधाम एवं उल्लास के साथ मनाया गया। रोहतक रोड स्थित श्री राम मंदिर एवं अग्रवाल धर्मशाला से राम नवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम की भव्य विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रीराम की भांति-भांति झाकियों के अतिरिक्त भगवान शिव शंकर जी की भव्य झांकी भी शामिल थी। यात्रा के आगे-आगे बैंडबाजे चल रहे थे और पुरुष, महिलाओं व बच्चों का हुजुम भी यात्रा के साथ था। शोभा यात्रा की शुरूआत अग्रवाल धर्मशाला से हुई और इसके बाद यह यात्रा सीआरए कालेज, मिशन चौक, रोहतक रोड, अनाज मंडी तथा काठ मंडी होती हुई वापस अग्रवाल धर्मशाला में पहुंची।
500 वर्षो बाद भगवान राम अयोध्या में अपने मंदिर में विराजमान: निखिल मदान
बुधवार को रामनवमी के पावन पर्व पर मेयर निखिल मदान ने शहर के विभिन्न हिस्सों में निकाली गई रामनवमी शोभायात्रा में हिस्सा लिया और सभी भक्तों को रामनवमी के पर्व की शुभकामनाएं दी और प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। मेयर निखिल मदान ने श्रीराम मंदिर अग्रवाल सेवा समिति, गुड़ मंडी द्वारा निकाली गई रामनवमी शोभायात्रा में हिस्सा लिया और सभी शहरवासियों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दी।
यह शोभायात्रा राम मंदिर अग्रवाल धर्मशाला प्रांगण से शुरू होकर गुड मंडी, काठ मंडी, मिशन रोड, रोहतक रोड से होते हुए वापस अग्रवाल धर्मशाला पहुंच कर संपन्न हुई। मेयर निखिल मदान ने अपने सम्भोदन में कहा कि आज हमे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर समाज में व्याप्त बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए। इसी वर्ष 22 जनवरी के दिन लगभग 500 वर्षो के संघर्ष के बाद भगवान श्री राम अयोध्या धाम में राम जन्मभूमि पर बने भव्य राम मंदिर में विराजमान हुए है, हम सब देशवासी इस ऐतिहासिक और गौरवमयी पल के साक्षी बने यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है।
इस मौके पर सेवा समिति के पदाधिकारियों द्वारा मुख्यातिथि निखिल मदान को स्मृति चिन्ह देकर भी सम्मानित भी किया गया। इससे पूर्व मेयर निखिल मदान ने चार मरला हनुमान मंदिर में बाल महावीर दल द्वारा निकाली गयी शोभायात्रा में हिस्सा लिया और मंदिर प्रांगण में मौजूद श्रद्धालुओं को रामनवमी की शुभकामनाएं दी। साथ ही गत रात्रि मिशन चौक पर मां भवानी मित्र मंडल द्वारा आयोजित तीसरे विशाल जागरण में बतौर मुख्यातिथि ज्योति प्रज्ज्वलित कर शहरवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। इस दौरान अनमोल राणा, कुलदीप वत्स, शुभम शर्मा, मनोज कुमार, नरेन्द्र गोयल आदि लोग मौजूद रहे।