- विभिन्न बैंकों के बैंक रिकवरी से संबंधित 36 केसों सहित 159 सिविल केस, 14 वैवाहिक विवाद संबंधी, 90 चेक बाउंस संबंधित केस का किया गया निपटान
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। माननीय न्यायमूर्ति न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा कार्यकारी अध्यक्ष, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला अरुण पल्ली के निर्देशानुसार व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोनीपत प्रमोद गोयल के नेतृत्व में व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी व सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोनीपत अशोक कुमार मान की देखरेख में आज सोनीपत, गोहाना, गन्नौर, व खरखौदा न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम मामलों के 27 केसों का निपटारा किया गया, जिसमें वादियों का रुपये 4,36,05,000/- की समझौता राशि का निपटारा किया गया। इसके अलावा मोटर व्हीकल से संबंधित 10,970 चालानों का निपटारा किया गया व 80,45,000 रुपये की राशि वसूली गई। फौजदारी के 32 केसों का निपटान किया गया। इसके अलावा 159 सिविल केस, 14 वैवाहिक विवाद संबंधी, 90 चेक बाउंस संबंधित केस का निपटान किया गया व 1,94,31,045 /- रुपये की राशि का निस्तारण किया गया। डिस्ट्रिक्ट एडीआर सेंटर, सोनीपत में स्थाई लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न बैंकों के बैंक रिकवरी से संबंधित 36 केसों का निपटान किया गया।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोनीपत अशोक कुमार मान ने बताया की शनिवार को प्रमोद गोयल जिला व सत्र न्यायधीश सोनीपत, मिस अलका मलिक प्रिंसिपल जज (फैमिली कोर्ट) सोनीपत, संजीव आर्या अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायाधीश सोनीपत, विमल कुमार अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायाधीश सोनीपत, परवीन कुमार न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोनीपत, प्रिया गुप्ता न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोनीपत तथा जैसमिन प्रीत कौर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोनीपत व उपमंडल स्तर पर खुशबू गोयल उप मंडलीय न्यायिक दण्डाधिकारी गोहाना, पुनीत लिम्बा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गनौर, तथा डॉ. रेनू शोलखे उप मंडलीय न्यायिक दण्डाधिकारी खरखौदा की बेंचो के द्वारा केसों का निपटारा किया गया।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग (कमिश्नर कार्यालय) व तहसीलदार सोनीपत, गोहाना, गनौर, खरखौदा, खानपुर व राई की बेंचो द्वारा राजस्व और अन्य सहायक मामलों सम्बन्धी मामलों का निपटान किया गया। इसके अतिरिक्त जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग सोनीपत द्वारा भी उपभोक्ता मामलों का निपटान किया गया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आमजन को बहुत ही लाभ पहुंचाया गया और कई साल से न्यायालय में लंबित पड़े मुकदमों का निपटारा किया गया।