- -भारत की विदेशी कूटनीति के कारण विश्व में भारत का बढ़ा मान-सम्मान
-प्रधानमंत्री की नीतियों व कल्याणकारी योजनाओं के बल पर वर्ष 2047 तक भारत होगा विकसित देशों की सूची में शामिल
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। शहर के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक केन्द्र व हरियाणा सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा गुरूवार को सोनीपत शहर स्थित सेक्टर-14 के कम्युनिटी हॉल में पहुंची, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से शहरवासियों को संबोधित किया। जनसंवाद कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री के विजन को पूरा करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा स्वयं लाभार्थियों के घर द्वार पर पहुंच रही है और उनको मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान करवा रही है।
सांसद ने कहा कि गरीब कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों व कल्याणकारी योजनाओं के बल पर वर्ष 2047 तक भारत अवश्य ही विकसित देशों की सूची में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आप किसी भी क्षेत्र में देख लें भारत अन्य देशों की तुलना में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिके कारण आज हम विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बन चुके है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने गरीब लोगों के कल्याण के साथ-साथ देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने का कार्य किया है, जिसके कारण आज विश्वविख्यात बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश कर रही है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की विदेशी कूटनीति के कारण विश्व में भारत का मान-सम्मान बड़ा है और विश्व का हर देश विकास के रास्ते पर भारत को साथ लेकर चलना चाहता है। आज डीआरडीओ की मेहनत से भारत चंद्रमा के साऊथ पोल पर पहुंचने वाला पहला देश बन चुका है। आज हमने देश में जी-20 सम्मेलन का सफल आयोजन करवाया है, जिसके देश में विकास के रास्ते खुलेंगे और देश जल्द ही विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र सरकार द्वारा देश के गरीब परिवारों को मुफ्त में अनाज मुहैया करवाया जा रहा है ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसके अलावा गरीब लोगों के स्वास्थ्य के लिए केन्द्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना, गरीबों को पक्के मकान देने के लिए पीएम आवास योजना जैसी अनेकों योजनाएं है, जिनका लाभ आज पात्र व्यक्तियों तक सरलता व सुगमता के साथ पहुंच रहा है।
केन्द्र व प्रदेश सरकार ने उठाए ऐतिहासिक कदम : कविता जैन
शहरी क्षेत्र के गांव गढ़ शहजानपुर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पूर्व मंत्री कविता जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र व हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण व गरीब कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाएं है। आज हरियाणा सरकार ने महिलाओं को पंचायती राज में 50 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया है, जिससे पिछले साल हुए पंचायती राज चुनाव में 50 प्रतिशत महिलाएं चुनकर आई है और वो अपने गांव व क्षेत्र में विकास में सहयोग कर रही है। यही नही केन्द्र सरकार ने भी संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया है, जिससे अब संसद में 33 प्रतिशत महिलाएं चुनकर जाएंगी और अपने हकों की आवाज संसद में उठा सकेंगी। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा सरकार ने परिवार पहचान पत्र योजना की शुरूआत की है, जिसकी मदद से पात्र व्यक्ति को घर बैठे विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
एलईडी युक्त वैन से सरकार की योजनाओं से आमजन को कराया रूबरू
कार्यक्रम में उपस्थित शहरवासियों को विडियों मोबाइल में लगी एलईडी पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के संदेश विडियों दिखाई गई। इसके अलावा सरकारी योजनाओं को लेकर बनी लघु फिल्मों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया कि वे किस प्रकार सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं को लेकर स्टॉल लगाई गई, जिनमें बैंक की स्टॉल, स्वास्थ्य जांच शिविर, हेल्प डेस्क, आयुष कैंप, योगाभ्यास, परिवार पहचान पत्र के लिए क्रिड हेल्प डेस्क, सीएससी स्टाल, पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना शामिल रही। कार्यक्रम में आने वाले शिकायतों का मौके पर समाधान कर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने शहरवासियों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेते हुए शपथ दिलाई कि वे ‘भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करेंगे। गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेकेंगे। देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। भारत की एकता को सुदृढ़ करेंगे और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करेंगे। नागरिक होने का कर्तव्य निभाएंगे।