- लिटल एंजल्स स्कूल में महिला कर्मचारियों तथा ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट की कार्यशाला
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल में कर्मचारियों के लिए हर वर्ष की तरह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के आयोजन का मुख्य उद्देष्य कर्मचारियों को जीवन को आत्मनिर्भर बनाना व प्रगति की एक तरफ अग्रसर करना है। महिला कर्मचारियों की कार्यशाला ‘शक्तिवाहिनी’ के दौरान महिला कर्मचारियों को दैनिक जीवन में प्रयोग किए जाने वाले अंग्रेजी के शब्द सिखाए गए। इसी के साथ उन्हें अनेक प्रेरक व व्यावहारिक गतिविधियां करवाई गई। जिसमें टग ऑफ बॉर, बैडमिंटन, टीम निर्माण व वॉर्म-अप गतिविधियां शामिल थीं। सभी को व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में भी बताया गया।
कार्यशाला के दौरान आपस में नम्रता व सौहार्द्र से रहने के लिए बताया गया। महिला कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक, गूगल एप, ओला-ऊबर बुकिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। इन्हें बातचीत के तरीकों के साथ-साथ घर की पुरानी चीज़ों से नई-नई हस्तनिर्मित चीज़े बनानी भी सिखाई गई, जिसमें वॉल हैगिंग, जूट बैगस, हैंड बैगस, टाई एंड डाई दुपट्टा बनाना आदि प्रमुख थे। कर्मचारियों को अनुपयोगी चीज़ों का इस्तेमाल कर कई उपयोगी चीजें बनाना भी सीखाया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य इनके जीवन को सरल व सुगम बनाने के साथ-साथ प्लास्टिक चीज़ों का उपयोग न करने और पर्यावरण के अनुकूल बनाना था। महिला कर्मचारियों ने प्रेरणादायी गीत गाए और अनेक क्रियाकलापों के दौरान अलग-अलग किरदारों में अनेक भूमिकाएं निभाकर अपनी प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन किया। इसी प्रकार विद्यालय के बस चालकों व सहायकों के लिए भी ‘सार्थक’ कार्यशाला का आयोजन किया गया।
सभी बस चालकों व सहायकों को यातायात के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व नियमों का पुनः अध्ययन करवाया गया। साथ ही उन्हे प्राथिमक उपचार व उत्साहवर्धक व्यायाम के बारे में बताया गया। सभी बस चालकों को जी.पी.एस. प्रयोग करने का अभ्यास कराया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने सभी कर्मचारियों के द्वारा किए गए कार्यों व प्रयास की सराहना की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सुचारु रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। सभी वाहन कर्मचारियों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सभी कर्मचारियों ने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यशाला के लिए अपना आभार प्रकट किया और कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन न केवल उनके जोश को बढ़ाता है, अपितु भविष्य में उनके लिए काफी मददगार भी साबित होती हैं।