जीवीएम की संजना का अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
रणबीर सिंह, सोनीपत। जीवीएम गर्ल्ज कालेज की कराटे की छात्राओं ने अंतर महाविद्यालय कराटे प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीतकर कालेज का नाम रोशन किया है। वहीं जीवीएम की संजना को अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कराटे प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में चुना गया। संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. मंजूला सपाह ने छात्राओं को बधाई दी।
जीवीएम की खेल प्रभारी अनु ने बताया कि 15 से 17 जनवरी तक महर्षि दयानंद विश्वविद्याल रोहतक में अंतर महाविद्यालय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जीवीएम की खुशबू ने अंडर-61 किलोग्राम भारवर्ग और मिताली ने 68 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में कांस्य पदक जीते। साथ ही जीवीएम की संजना को अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में जगह मिली है। कालेज लौटने पर विजेताओं का प्राचार्या डा. मंजूला सपाह ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने संजना को राष्ट्रीय स्तर पर सफल प्रदर्शन के लिए भी आशीर्वाद दिया।