रणबीर सिंह, सोनीपत। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन ने 23 जुलाई को संपन्न हुए सोनीपत विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को जबरदस्त ढंग से कामयाब करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि भाजपा का संगठन मजबूती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ खड़ा है।
राजीव जैन ने कहा कि उमस भरी गर्मी के बावजूद विधानसभा के 203 बूथों से कार्यकर्ताओं का उत्साह एवं उमंग नई अनाज मंडी के पंडाल में भव्य नजारा पेश कर रहा था। गले में पन्ना प्रमुख का आई कार्ड और सोनीपत के विधानसभा के नक़्शे वाले पटके (अंगवस्त्र) से कार्यक्रम की शोभा एक अनुशासित सम्मेलन सी नजर आ रही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के स्टेज पर आते ही मेरे बूथ का पन्ना प्रमुख मेरे देश को बदलेगा गाने की धुन पर कार्यकर्ताओं ने गले से पटका निकालकर 5 मिनट तक पटका लहराकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सम्बोधन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और अब वह जी-जान से 2024 में तीसरी बार मोदी सरकार को बनाने के लिए कमर कसेगा।
सम्मलेन में मंडी का शेड खचाखच भरने के बाद भी इतने ही कार्यकर्ता बाहर खड़े होकर वक्ताओं का उद्बोधन सुन रहे थे। राजीव-कविता जैन ने कार्यकर्ताओं के बीच पंहुचकर जिस ढंग से पुष्प वर्षा करके स्वागत किया उससे कार्यकर्ता भी अभिभूत है। राजीव जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अंत में स्मृति चिन्ह के रूप में मिली गदा को घुमाकर कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया तो पंडाल में कार्यकर्ता जोरदार नारे लगा रहे थे। राजीव जैन ने कहा कि सम्मलेन में मंडी क्षेत्र से केसरिया पगड़ी पहने कार्यकर्ताओं का बड़ा समूह, एक सी ड्रेस में महिला कार्यकर्ता और शक्ति केंद्रों से पंहुचे युवाओं के जत्थों के नारों से बार-बार पंडाल गूंज रहा था। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की सफलता से कार्यकर्ता अब 10 अगस्त को शहर में होने वाली तिरंगा यात्रा में भी बढ़ चढ़ कर भाग लेंगे।