- प्रदेश के लोगों की हर समस्या का समाधान : सीएम मनोहर लाल खट्टर
- मुख्यमंत्री ने 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने के लिए लोगों से की अपील
- हर रोज मुख्यमंत्री का सपना लेकर सोने वाले नहीं कर सकते लोगों का भला
रणबीर सिंह, सोनीपत। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जिले में अपने दौरे के दूसरे दिन सुबह गांव खेवड़ा व मुरथल में पहुंचे। वहां उन्होंने गांव खेवड़ा के पूर्व सरंपच के बेटे विनय उर्फ मोनू को भाजपा का पटका पहनाकर हजारों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल किया। पूर्व सरपंच के बेटे कांग्रेस को छोडक़र भाजपा में शामिल हुए है। इसके बाद गांव मुरथल के सरपंच रामेश्वर भी मुख्यमंत्री की उपस्थिति में समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार लगातार अंत्योदय भावना के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है, ताकि समाज के हर वर्ग को सबका साथ-सबका विकास के रास्ते पर एक साथ आगे ले जाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की कार्यशैली व नीतियों से प्रभावित होकर प्रतिदिन हजारों नए लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे है। दिन-प्रतिदिन भाजपा का संगठन मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने भाजपा में शामिल हुए सरपंचों व पूर्व सरपंचों सहित सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा में उन्हें पूरा मान व सम्मान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों की हर समस्या का समाधान मनोहर लाल है, क्योंकि उनके पास जो भी लोग किसी समस्या को लेकर आता है तो उस समस्या का तुरंत समाधान किया जाता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी सभी जिला में लोगों के बीच जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे है। इसके अलावा उन्होंने सभी उपायुक्तों को भी दिन में लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के निर्देश दिए है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार ने 25 से 60 वर्ष की आयु के अविवाहित पुरूषों और महिलाओं तथा 40 वर्ष के विधुर व्यक्तियों को भी 2750 रूपये मासिक पेंशन दिने का निर्णय लिया है, ताकि ये लोग भी अपना गुजारा कर सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भ्रष्ट्राचार पर वार करते हुए सरकारी योजनाओं को ऑनलाईन किया, ताकि सरकारी कार्यों में पादर्शिता आएं और निश्चित समय में पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवार पहचान पत्र योजना शुरू की गई है, जिससे सरकार की विभिन्न योजनाओं को जोड़ा जा चुका है। इस परिवार पहचान पत्र की मदद से लोगों को घर बैठे उन सभी योजनाओं को फायदा दिलवाया जाता है, जिसके लिए वे पात्र हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साढ़े 8 साल में स्वच्छ सरकार के तौर पर काम किया है। भ्रष्टाचार से दूर रहने वाली सरकार रही है और वहीं जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उन पर नकेल कसने के साथ-साथ प्रदेश में पारदर्शिता और भेदभाव का खात्मा करने वाली भाजपा ही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने नौकरियों, तबादलों, सीएलयू में पारदर्शिता के साथ काम किया है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार रूपी एक बड़ा उद्योग चलता था। उस उद्योग को बंद करके जो भी चीजें सामने आई उनको हमने तुरंत बंद किया है।
मुख्यमंत्री खट्टर ने खेवड़ा और मुरथल के लोगों से 2024 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने के लिए अपील करते हुए कहा कि भाजपा ही वो पार्टी है जो गरीब व्यक्ति के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता हर रोज मुख्यमंत्री बनने का सपना लेकर सोते है, वो कभी भी लोगों का भला नहीं कर सकते। क्योंकि वे लोगों की भलाई के लिए नहीं अपने स्वार्थ के लिए मुख्यमंत्री बनना चाहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग घोषणाएं बहुत ज्यादा करते हैं। उन्होंने कटाक्ष भी किया कि उनकी घोषणाओं की स्वीकृति उनके अपने घर में ही नहीं होती है। कांग्रेस का एक नेता घोषणा करता है, तो दूसरा नेता यह कहता है कि यह घोषणा उनकी अपनी घोषणा हो सकती है, पार्टी की कोई घोषणा नहीं है। घर में ही उनकी मान्यता नहीं है तो बाहर की जनता उनकी क्यों मानेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपस में कांग्रेसी लड़ते-झगड़ते रहते हैं। रात को तो मुख्यमंत्री बनकर सोते हैं और सुबह उठते हैं तो सपना टूट जाता है। अगले दिन कोई और मुख्यमंत्री बनने का सपना लेता है और कांग्रेसी आपस में ही होड़ लगाकर बैठे हुए हैं और इस प्रकार कांग्रेस पार्टी खेमों में बैठी हुई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ कर गोल्ड मेडल जीतकर लौटे पैरा ओलिंपिक खिलाड़ी खेवड़ा के सुमित आंतिल को मंच पर बुलाकर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव खेवड़ा में आईटीआई का सीएलयू पंचायत द्वारा होना है और सीएलयू होने के बाद गांव में आईटीआई का काम शुरू करवा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गांव में पशुओं के अस्पताल को लेकर कहा कि उसकी मंजूरी दे दी गई है, वह भी जल्दी तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर पीएचसी के लिए स्वास्थ्य विभाग को जमीन ट्रांसफर की जा चुकी है। गांव में संबंधित छोटे-बड़े हर काम को जल्द पूरा करवाने की बात कही है।
इस मौके पर राई से विधायक मोहन लाल बड़ौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व मंत्री कृष्णा गहलावत, राजेन्द्र कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी नीरज आत्रेय, जसबीर दोदवा, अरूण चौहान, अशोक भारद्वाज, मुकेश, अशोक कौशिक, सतीश तुषीर, खुशीराम, अशोक आंतिल, मनदीप कौशिक, थान सिंह, संदीप आंतिल, अशोक कौशिक, भूप सिंह, राजेश सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, पूर्व सरपंच, ब्लॉक समिति मैंबर सहति सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।