संस्कार-संस्कृति-परंपराओं का संगम है गौमाता : राजीव जैन

संस्कार-संस्कृति-परंपराओं का संगम है गौमाता : राजीव जैन

  • -जटवाड़ा स्थित गौशाला में किया गया गौअष्टïमी महोत्सव का भव्य आयोजन  
  • -गऊमाता का पूजन कर भाजपा नेता राजीव जैन ने दी गौअष्टमी की बधाई

रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने गऊमाता का पूजन करते हुए जिला एवं प्रदेशवासियों को गौ अष्टमी पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गौमाता में संस्कार-संस्कृति-परंपराओं का अनूठा संगम है। इसलिए अपनी नई पीढ़ी को भी हमें गौमाता के महत्व व पूजन के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।  जटवाड़ा स्थित गऊशाला में गुरूवार को गौ अष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन ने किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता के रूप में पूजा जाता है। वास्तव में गाय हमें माता की भांति ही आशीर्वाद प्रदान करती है। गाय का घी-दूध ही नहीं मूत्र भी बेहद लाभकारी होता है। मान्यता अनुसार गाय के पूजन मात्र से मानव जीवन का कल्याण सुनिश्चित हो जाता है। वर्तमान दौर में हमें गौ माता के महत्व को गंभीरता से समझने की आवश्यकता है। जैन ने कहा कि हरियाणा सरकार ने गौमाता के संरक्षण के लिए गौ आयोग का गठन किया है, जो अनुकरणीय कदम है। आयोग के माध्यम से गौशालाओं को नियमित रूप से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। आम जनमानस को भी गौमाता के संरक्षण के लिए हर संभव सहयोग देना चाहिए।

सडक़ों पर गौवंश आवारा स्थिति में घूमता हुआ दिखाई नहीं देना चाहिए। इस दिशा में सरकार व प्रशासन ने प्रभावी कदम बढ़ाये हैं। लोगों को भी चाहिए कि वे अपने पशुओं को सडक़ों पर न छोड़ें। वरिष्ठ भाजपाई नेता राजीव जैन ने लोगों को प्रोत्साहित किया कि वे गौअष्टमी पर्व को धूमधाम से मनायें, जिसमें युवाओं को जुड़ाव अवश्य हो। इस प्रकार के कार्यक्रमों से ही संस्कृति व सभ्यता का प्रचार-प्रसार होता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे गौमाता को जानने-समझने का प्रयत्न करें, ताकि गौ संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

धर्म-कर्म राजनीति हरियाणा