वार्ड नं 16 में गलियों के निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों का किया शुभारंभ
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। वीरवार को नगर निगम वार्ड नं 16 में 1 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर 50 लाख रुपए की लागत से विशाल नगर और लहराडा की विभिन्न गलियों को इंटरलॉकिंग टाइलों एवं सीसी से पक्के किये जाने के कार्य को शुरू किया गया। साथ ही 50 लाख रुपए की लागत से भगत सिंह कॉलोनी और कीर्ति नगर की गलियों को भी पक्का किये जाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। मेयर निखिल मदान ने बताया कि इन कामों के साथ साथ कालूपुर गांव के मुख्य मार्ग को भी 36 लाख रुपए की लागत से मास्टिक द्वारा पक्का किया जा रहा है।
साथ ही वार्ड 16 की सभी गलियों और सीवर लाइन में जहां-जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों और गलियों की मरम्मत भी की जाएगी। इस कार्य के लिए नगर निगम द्वारा अतिरिक्त 50 लाख रुपए की धनराशि का प्रावधान किया गया है। मेयर निखिल मदान ने कहा कि वार्ड 16 में दूषित जल भराव सबसे बड़ी समस्या है औऱ उनकी यही प्राथमिकता है कि इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए। कार्यक्रम में बुजुर्ग महिला धन्नो देवी ने भगत सिंह कालोनी एवं छोटी कन्या अनुष्का ने कालूपुर गांव में रिबन काटकर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। साथ ही वरिष्ठ नागरिक राजेन्द्र खटक ने नारियल फोड़कर काम शुरू करवाया।