- आरोपियों को न्यायालय में पेशकर 6 दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। थाना कुण्डली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर धरने के नजदीक हुई हत्या की घटना में शामिल तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भगवन्त सिंह निवासी सुन्दरपुर जिला शाहजापुर उतरप्रदेश हाल डेरा फतेहगढ साहिब पंजाब, गोविन्द प्रीत सिंह निवासी न्यू भोपाल जालंधर हाल डेरा फतेहगढ साहिब पंजाब व नारायण सिंह निवासी रख देवीदासपुरा अमरपूर पंजाब के रहने वाले है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेशकर 6 दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 15 अक्टूबर 2021 को थाना कुण्डली पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंघु बॉर्डर पर धरने के नजदीक निहंगों ने किसी व्यक्ति को बांधकर बैरिगेट पर लटका रखा है और उसका हाथ व पैर कटा हुआ है। सूचना पर पुलिस वहां पहुंची व्यक्ति मर चुका था। कुछ व्यक्ति वहा खड़े हुए थे। पुलिस ने शव को ले जाने का प्रयास किया तो उन्होने विरोध किया था। लेकिन पुलिस द्वारा बातचीत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल सोनीपत में लाया गया था। डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जांच टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्यों को लिया गया। इस घटना का भारतीय दण्ड संहिता की धाराओं के अन्तर्गत थाना कुण्डली में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान लखबीर सिंह निवासी चिमा खुर्द जिला तरनतारन पंजाब के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम करवाने के उपरान्त शव को परिजनों के हवाले किया गया था। अनुसंधान टीम द्वारा घटना में शामिल आरोपी सरबजीत सिंह निवासी विटवाह जिला गुरदासपुर पंजाब को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी से प्रारम्भिक पूछताछ करने पर अपने किये अपराध की स्वीकारोक्ति की गई थी। आरोपी को न्यायालय में पेशकर सात दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया था। रिमाण्ड के दौरान अनुसंधान टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल तीन और आरोपियों भगवन्त सिंह, गोविन्द प्रीत सिंह व नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को आज न्यायालय में पेशकर 6 दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। शीघ्र ही घटना में शामिल आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।