रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। शहर के जटवाडा स्थित जैन विद्या मंदिर में रविवार को विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया गया। विश्व शांति महायज्ञ में हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व आसपास के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के अलावा समाज में फैली कुरूतियों पर कटाक्ष करते हुए लघु नाटक प्रस्तुत किए। जिसे पंडाल में मौजूद लोगों ने खूब सराहा। विश्व शांति महायज्ञ के बारे में जानकारी देते हुए वकील जैन के बताया कि कार्यक्रम के दौरान सवा करोड़ महामंत्रों का जाप किया गया।
रविवार को आयोजित विश्व शांति महायज्ञ में रत्न शास्त्री उपेंद्र मुनि जी महाराज, महादेव मुनि, प्रशांत मुनि, कथा वाचक व गायक सहदेव मुनि जी महाराज विशेष रूप से विराजमान रहे। वकील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दूर-दूर बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। विश्व शांति महायज्ञ में रत्न शास्त्री उपेंद्र मुनि जी महाराज ने अपने श्रीमुख से मंत्र का उच्चारण किया। पंडाल में मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने मंत्र को सुना और पुण्य के भागी बने।