रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। तिरंगे का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे के साथ आगामी 14 अगस्त को सोनीपत शहर में तिरंगा यात्रा निकलेगी और स्वतंत्रता दिवस पर आम जनमानस यात्रा में भागीदारी करके देश के शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया जायेगा। गढ़ी ब्राम्हण, रूप नगर, देवडू रोड स्थित शांति ज्ञान गार्डन, ऋषि कॉलोनी, कबीरपुर, सेक्टर 15, में वार्ड 4, 5, 11, 13, 14, 19 के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यात्रा की संयोजिका एवं पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें देश को तोड़ने की मंशा से समय-समय पर देश की अस्मिता और मान सम्मान के प्रतीक तिरंगे झंडे का अपमान करती रहती है। इसलिए तिरंगा यात्रा के माध्यम से ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का उत्सव हमारा सबसे बड़ा त्यौहार है, इसलिए इस दिन का इस्तेमाल पिकनिक या पर्यटन स्थलों पर जाने की बजाए हमें राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे लाखों पूर्वजों ने अपना जीवन व परिवार बलिदान कर दिया। इसलिए हमें वर्ष में गणतंत्र एवं स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाना चाहिए जैसा कि विदेशों में लाखों लोग अपने देश की आजादी में के जश्न में शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा सुबह साढ़े नौ बजे महाराजा अग्रसेन चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गो से होती हुई पुरानी अनाज मंडी में लाला लाजपत राय की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ समाप्त होगी।