रणबीर रोहिल्ला सोनीपत। सेफ़ इंडिया फाऊंडेशन ने आज हरियाणा महिला विकास निगम के साथ मिलकर सैक्टर 14 कम्युनिटी सेंटर में जरुरतमंद महिलाओं के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया। जिसमे विधवा महिलाओं को हरियाणा सरकार की तरफ से शुरु की गई सब्सिडी स्कीमों के बारे में बताया गया। हरियाणा महिला विकास निगम की तरफ से अधिकारी मुकेश कुमार उपस्तिथ रहे। सेफ़ इण्डिया फाऊंडेशन की महिला अध्यक्ष शालू त्यागी ने कहा कि आज के शिविर में 15 से ज्यादा जरुरतमंद महिलाओं ने भाग लिया। जिसमें विधवा महिलाओं के लिए सब्सिडी पर बैंक लोन के बारे में बताया, ताकि जरुरतमंद महिलाएं अपना रोजगार शुरू कर सके व अपना तथा अपने परिवार का सम्मान सहित गुजारा कर सके। सेफ़ इंडिया फाऊंडेशन की महिला अध्यक्ष शालू त्यागी व महिला निगम के अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा शुरु की गई इस स्कीम के तहत कोई भी महिला जिसके पति का स्वर्गवास हो गया है और वह 18 से 50 वर्ष की आयु की है तो महिला निगम में लोन अप्लाई कर सकती है। इसके तहत उस महिला को अपना कोई भी कारोबार शुरू करने के लिए 3 लाख तक का लोन दिया जा सकता है।
महिला की वार्षिक आय 3 लाख से कम होनी चाहिए तथा किसी बैंक से पहले लोन ना लिया हो। शालू त्यागी ने कहा कि इसके अलावा शिक्षा प्राप्त करने भी महिलाओं को लोन की सुविधा उपलब्ध है। जिसे कोई भी महिला शिक्षा प्राप्त करने के लिए अप्लाई कर सकती है। जिसमें हरियाणा महिला विकास निगम उस लोन की 5 प्रतिशत ब्याज भरेगा। शालू त्यागी ने कहा कि हर महीने इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जरुरतमंद महिलाओं को सशक्त बनाया जा सके तथा महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में ज्यादा से ज्यादा कार्य किया जा सके। इस अवसर पर सेफ़ इंडिया फाऊंडेशन के चेयरमैन वाईके त्यागी, अध्यक्ष संजय सिगंला, सुभाष, लेखराज, सुरेश आदि उपस्थित थे।