- पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन कलश यात्रा में हुई शामिल
रणबीर रोहिल्ला, श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। श्रीमद् भागवत कथा का शुभारम्भ दहिया कॉलोनी में कलश यात्रा के साथ बड़े धूमधाम से किया गया। सुबह महिला श्रद्धालुओं ने ढोल बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली जो भ्रमण करते हुए वापिस कथा स्थल पर पहुंची। पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन कलश यात्रा में शामिल हुई । इस अवसर पर कथावाचक वैभव भारद्वाज महाराज पहुंचे। इस अवसर पर कविता जैन ने कहा कि श्रीमद् भागवत गीता में व्यक्ति की हर परेशानी व दुविधा का हल मिलता है। हिंदू धर्म में सभी ग्रंथों में सबसे श्रेष्ठ श्रीमद् भागवत गीता मानी जाती है, क्योंकि इसमें व्यक्ति के जीवन का सार है।
श्रीमद् भागवत में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को उपदेश दिए हैं और इन उपदेशों की मदद से भगवान श्री कृष्ण अर्जुन को इस संसार का सत्य बताते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से ही प्राणी मात्र का कल्याण संभव है। दोपहर में कथा का आयोजन किया गया। कथावाचक वैभव भारद्वाज महाराज ने प्रवचन कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा श्रवण से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है। कलियुग में कथा सुनने मात्र से व्यक्ति भवसागर से पार हो जाता है। सोया हुआ ज्ञान वैराग्य कथा श्रवण से जागृत हो जाता है। कथा कल्पवृक्ष के समान है, जिससे सभी इच्छाओं की पूर्ति की जा सकती है।