रणबीर रोहिल्ला, श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि रामनवमी, होली, दिवाली, दुर्गापूजा, कृष्ण जन्माष्टमी समेत सभी त्यौहार अधर्म पर धर्म की विजय का सन्देश देते हैं, इसलिए मनुष्य को हमेशा धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। ऋषि मुनियों ने भी हमेशा धर्म, सत्य और ज्ञान को अपना आधार बनाया। राजीव जैन ने बुधवार को रामनवमी के अवसर पर श्रीराम शरणम् आश्रम में कन्याओं का विवाह, मौहल्ला कोट राम मंदिर में श्रीराम कथा, जीवन विहार राम मंदिर, शिव मंदिर तारा नगर, श्रीराम मंदिर अग्रवाल धर्मशाला से शोभा यात्राओं को झंडी दिखाने के बाद श्रधालुओं को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भगवान राम भारतीय संस्कृति में धर्म, सत्य, शौर्य, शील, संयम, विनम्रता के गुणों के साथ सदाचरण के मार्ग पर चलने और कर्तव्य निर्वहन का संदेश देते हैं। भाजपा नेता ने कहा कि केवल भगवान राम की वंदना से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनमें सभी गुणों को अपने अंदर धारण करने का संकल्प ले और और उनका संदेश जन-जन तक पंहुचायें। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद राम नवमी का महत्व और भी ज्यादा है, इसलिए देश, विदेश में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हमें महर्षि बाल्मीकि को भी याद करना चाहिए, जिनकी वजह से भगवान श्रीराम सदियों के बाद भी हमारे आराध्य बने हुए हैं।