- महिला हैल्पलाईन 181 पर फोन कर लें सहायता
- हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन ने किया वन स्टोप सेंटर का निरीक्षण
श्याम वशिष्ठ, रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन सोनिया अग्रवाल ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित वन स्टोप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सभी जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें निर्देश दिए कि यहां पर आने वाली सभी महिलाओं को जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाएं, ताकि वो अपने आप को कमजोर न समझे। वाइस चेयरपर्सन ने कहा कि विभाग द्वारा वन स्टोप सेंटर को स्थापित करने का यही उद्देश्य है कि यहां एक ही छत के नीचे पीडि़त महिलाओं को न्याय की सुविधा प्रदान की जाती है। यहां पीडि़ताओं के पांच दिन तक ठहरने की व्यवस्था भी की जाती है।
उन्होंने कहा कि वन स्टोप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा, दहेज, यौन उत्पीडऩ, बाल विवाह इत्यादि मामलों का समाधान करवाया जाता है। उन्होंने पीडि़ताओं का आह्वान किया कि वे चुपचाप अत्याचार को सहन न करें। अपितु उसके खिलाफ आवाज उठायें। उनकी आवाज को वन स्टोप सेंटर के माध्यम से उठाया जाएगा। यह सेंटर पूरी तरह से लड़कियों, महिलाओं की सहायता के लिए समर्पित है। वाइस चेयरपर्सन ने कहा कि विभाग द्वारा पीडि़ताओं के लिए महिला हैल्पलाईन 181 भी जारी किया गया है। इस हैल्पलाईन पर किसी भी समय फोन करके सहायता ली जा सकती है। वन स्टोप सेंटर में भी पीडि़ताओं को पुलिस व कानूनी सहायता दी जाती है। साथ ही काउंसलिंग भी की जाती है।