- लिटल एंजल्स स्कूल में नन्हे मुन्ने बच्चों का शालाप्रवेश (हवन) और पेरेंट्स ओरिएंटेशन का आयोजन
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल में नन्हे मुन्ने बच्चों के लिए धूमधाम से शाला प्रवेश (हवन) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। बच्चों को जीवन में संस्कारों के महत्व के साथ शिक्षा का महत्व बताया गया। विद्यालय की यज्ञशाला में सभी बच्चों से हवन की पुण्य अग्नि में आहुति दिलवाई गई। तत्पश्चात् मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर उनकी आराधना की गई। अध्यापिकाओं ने नन्हे मुन्नों को तिलक लगाया व स्नेह आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर विद्यालय में आए सभी अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों व विद्यालय के विभिन्न क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी गई। स्विमिंग पूल, विज्ञान प्रयोगशालाएं, एक्टिविटी रूम, संगीत कक्ष, बैडमिंटन हॉल, ऑडिटोरियम, 3-डी थिएटर, गैलेक्सी, लैंग्वेज लैब व मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आदि के बारे में जानकारी दी गई।
साथ ही अध्यापिकाओं ने सभी अभिभावकों को विद्यालय की ‘लैस बैग’ पॉलिसी के बारे में भी जानकारी दी व बताया कि अब बच्चे अध्यापिकाओं द्वारा बनाई गई कलरफुल वर्कशीट से ही अपना कार्य करेंगे। अप्रैल माह में शुरू होने वाले नए सत्र के लिए अध्यापिकाओ ने बच्चों को आई.डी. कार्ड्स व उपहार देकर उनका स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने सभी बच्चों को शिक्षा के चहुंमुखी विकास का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन उस नींव के समान है, जिस पर जीवन रूपी भवन का निर्माण होता है। इसलिए शिक्षा व सुसंस्कारों के द्वारा ही विद्यार्थी जीवन में सफलता प्राप्त करता है। उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा ने सभी उपस्थित अभिभावकों का धन्यवाद किया।