अपनी मांगों को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। विभिन्न कर्मचारियों यूनियनों व संगठनों ने भारत बंद के आह्वान और अपनी मांगों को लेकर मजदूर, कर्मचारी, किसान व जनविरोधी नीतियों के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर कहा कि न्यूनतम वेतन 28 हजार रुपए महीना, चार लेबर कोड रद्द, श्रम कानून लागू करो, महंगाई पर रोक लगाओ, किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दो, किसानों से किए वायदे पूरे करो। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन स्कीम, खाली पदों को स्थाई भर्ती, नई नौकरी, स्कीम वर्कर्स को स्थाई कर्मचारी का दर्जा, निजीकरण करना बंद करो जैसे नारे लगा रहे थे।
जुलूस गोहाना रोड से शुरू होकर छोटूराम चौक, पुरखास अड्डा, दयाल चौक, गीता भवन चौक, देवीलाल चौक होते हुए बस अड्डा के पास पहुंचा। वहां जुलूस सभा को संबोधित करते हुए एआईकेएस के उपप्रधान श्रद्धानंद सोलंकी, एआईयूटीयूसी हरियाणा के राज्य सचिव कामरेड हरिप्रकाश, सीटू के आनंद शर्मा, सर्व कर्मचारी संघ के शीलक राम मलिक, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के ईश्वर सिंह दहिया, किसान मजदूर पंचायत के भगत सिंह, एटक के राजीव वर्मा व बलवान सिंह आदि ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व संयुक्त किसान मोर्चा के सांझा आह्वान पर 16 फरवरी 2024 की औद्योगिक हड़ताल वह ग्रामीण भारत बंद के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया।