मेयर निखिल मदान ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। नगर निगम सोनीपत मेयर निखिल मदान ने शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर नगर निगम वासियों को 75 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें दी। मेयर निखिल मदान निजी स्कूल द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे और राष्ट्रीय ध्वज़ फहराया। इस दौरान वहां पर मौजूद स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने मेयर निखिल मदान का फूल मालाओं से स्वागत किया। मेयर निखिल मदान ने कहा की 26 जनवरी 1950 को देश में संविधान लागू हुआ था, जिसके बाद देश में भारतीय शासन और कानून व्यवस्था लागू हुई। सविधान निर्माण कमेटी में 22 समिति औऱ मसौदा समिति में 7 सदस्य थे जिन्होंने देश के संविधान को लिखने में अपना योगदान दिया औऱ सबसे महत्वपूर्ण योगदान संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबा भीमराव आंबेडकर का था। आज भारत का संविधान सभी नागरिकों को समान रूप से जीवन जीने का अधिकार देता है जो उसकी सबसे बड़ी विशेषता है।
निखिल मदान ने कहा कि आज देश के सभी नागरिकों को देश की सुरक्षा के लिए शहीद हुए सभी वीर जवानों को याद करके नमन करना चाहिए, जिन्होंने देश के लिए अपना बलिदान दिया। इससे उपरांत मेयर निखिल मदान ने जिला काँग्रेस भवन में कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं, सदस्यों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर तिरंगा फहराया और वहां उपस्थित सभी कांग्रेसजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। अपने संबोधन में मेयर निखिल मदान ने कहा कि हज़ारों लाखों क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया, उसी के फलस्वरूप देश को आज़ादी मिली और देश में संविधान लागु हुआ। आज हम सबको उन क्रांतिकारियों को याद करके नमन करना चाहिए। साथ ही यह संकल्प भी लेना चाहिए कि हम अपने आचरण से देश की एकता, अखंडता और सम्प्रभुता को बनाये रखेंगे और देश के संविधान का पालन करेंगे।