- राजस्थान- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बंपर जीत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता ने लगाई मोहर
हरियाणा/ हिसार (राजेश सलूजा) भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष गायत्री देवी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा तीन राज्यों में बम्पर जीत की खुशी में युवाओं के साथ मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर गायत्री देवी ने कहा कि पूरे भारत देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा है और प्रधानमंत्री द्वारा कहा गया एक-एक शब्द भारत की जनता के लिए विश्वास और गारंटी का काम करता है। जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां पर मोहर लगा दी है। गायत्री देवी ने युवाओं से आहवान किया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का गांव-गांव और गली-गली में प्रचार-प्रसार करें ,और सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
गायत्री देवी ने कहा कि हरियाणा में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री खट्टर के नेतृत्व में हरियाणा में बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना से प्रदेश के लिंगानुपात में बेहतर सुधार हुआ है और मुख्यमंत्री खट्टर ने सबका साथ- सबका विकास को अंत्योदय और सुशासन का कार्य करते हुए जन-जन के कल्याण के लिए नीतियां व योजनाओं को सुचारू रूप से लागू किया है। गायत्री देवी ने हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री खट्टर को जनता का असली जननायक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हरियाणा को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाते हुए गरीब , मजदूर, किसान ,कर्मचारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा दिन दोगुनी और रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को नौकरी दी जा रही है तथा किसानों को किसान-निधि का पैसा सीधा उनके खाते में जमा किया जा रहा है। बुढ़ापा पेंशन सहित अन्य कागजात ऑनलाइन घर बैठे बनाए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे हरियाणा के दौरे पर हैं। जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश है। इनके नेतृत्व में प्रत्येक पार्टी पदाधिकारी मजबूती के साथ अपने-अपने कार्य क्षेत्र में पार्टी की मजबूती के लिए मेहनत कर रहे हैं।