कर्मचारियों का हरियाणा सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। सोनीपत में शहरी स्थानीय निकाय कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए सोनीपत नगर निगम कार्यालय पर आज से 5 दिन की क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करते हुए धरना दिया और सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। इस दौरान भूख हडताल पर बैठे कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। सोनीपत नगर निगम कार्यालय में धरने पर बैठे शहरी निकाय कर्मचारियों ने आज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने इस दौरान नगर निगम कार्यालय पर धरना दिया और 5 दिन की क्रमिक भूख हड़ताल भी शुरू कर दी।
25 सितंबर से 29 सितंबर तक प्रदेश भर में क्रमिक भूख हड़ताल होगी। धरने पर बैठे फायर कमेटी के जिला प्रधान संदीप ने बताया कि पिछले साल अक्टूबर में शहरी स्थानीय निकाय कर्मचारियों ने मांगों को लेकर 11 दिन तक हड़ताल की थी। हड़ताल के बाद 29 अक्टूबर को सरकार के साथ कुछ मांगों पर सहमति बनी थी और सरकार ने मांगों को लेकर पत्र भी जारी कर दिया था।
इस साल एक बार फिर कर्मचारियों और सरकार के बीच बातचीत हुई, लेकिन अभी तक इनकी मांगों को लागू नहीं किया गया है। जिससे कर्मचारियों में रोष है। भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारी दीपक ने बताया कि 5 दिन की क्रमिक भूख हड़ताल के बाद भी अगर सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना तो कर्मचारी अपने आंदोलन को तेज करेंगे। इसके लिए सरकार जिम्मेवार होगी। भूख हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों ने सरकार पर सीवरेज व सफाई के काम में लगे कर्मचारियों के शोषण का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा है। इसके विपरीत सरकार सफाई के काम को अलग-अलग ठेकों पर दे रही है। क्रमिक भूख हड़ताल जिला के प्रधान राजा भाई की अध्यक्षता में शुरू हुई।
राजा भाई ने सरकार पर आरोप लगाया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ के साथ 29 अक्टूबर 2022 को जो समझौता हुआ था, उसको सरकार ईमानदारी पूर्ण तरीके से लागू नहीं कर रही है। सरकार से बार-बार अपील करने के बाद भी समझौता न लागू होने के कारण नगर पालिका कर्मचारी खासा विरोध है। नगर पालिका कर्मचारी संघ ने सरकार को चेतावनी है कि समय रहते कर्मचारी की मांगों का समाधान किया जाए तो नगर पालिका कर्मचारी संघ एक बड़े आंदोलन की तरफ जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी शासन प्रशासन की होगी। इस भूख हड़ताल में मुख्य रूप से फायर के जिला प्रधान संदीप तुर, नगर पालिका इकाई कोषाध्यक्ष दीपक बहोत, महिला सब कमेटी की प्रधान कमलेश, कांता, राजरानी, अंजना, मीना भूख हड़ताल में शामिल थी। इस दौरान फायर के जिला कैशियर विजय, फायर के उप प्रधान नितेश कौशिक, अजीत, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।