श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल में तीन दिवसीय मॉडल युनाईटेड नेशंस पर शानदार कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला को विजिविंग लर्निंगस एंड सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर दीक्षांत मलिक के द्वारा कार्यान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीक्षांत मलिक ने बच्चों को मॉडल युनाइटेड नेशंस की जानकारी देते हुए बताया कि यह एक ऐसा सिमुलेशन है जो वास्तविक दुनिया की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए संयुक्त राष्ट्र की प्रक्रियाओं का अनुकरण करता है।
उन्होंने बताया कि कैसे दूसरे देशों के साथ कार्य को सुचारु रूप से किया जा सकता है। बच्चों ने भी इस कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनके बारे में विस्तार से जानकारी दी और विश्व शांति बनाए रखने पर अपने विचार साझा किए। बच्चों ने एमयूएन की सफलताओं, चुनौतियों और योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। एमयूएन का उद्देश्य छात्रों को वर्तमान घटनाओं, अंतर्राष्ट्रीय संबंधोंए कूटनीति और संयुक्त राष्ट्र के एजेंडे के बारे में बच्चों का शिक्षित करना है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने अपनी जिज्ञासा के अनुसार प्रश्न पूछे और सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए।
प्रधानाचार्या आशा गोयल ने बच्चों को एमयूएन की उपयोगिता बताते हुए आपसी संबंधों को सुदृढ़ करने व विश्व शांति को बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग के द्वारा ही समाज व राष्ट्र का विकास संभव है। विद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।