श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। जर्मनी में 19 से 23 अगस्त तक होने वाली चार देशों की हॉकी प्रतियोगिता में लिटल एंजल्स स्कूल की हॉकी खिलाड़ी साक्षी राणा भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। बैंगलोर में आयोजित जूनियर हॉकी कैंप में साक्षी का चयन किया गया। साक्षी राणा अपनी टीम में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी है। जर्मनी में आयोजित इस प्रतियोगिता में मेजबान जर्मनी, भारत, स्पेन व इग्लैंड की टीम हिस्सा लेंगी। साक्षी राणा के भारतीय टीम में चयनित होने पर कोच प्रीतम सिवाच ने कहा कि साक्षी राणा बहुत ही होनहार व मेहनती खिलाड़ी है। विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सेक्रेटरी डॉ. विशाल गर्ग व विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने साक्षी राणा को प्रतियोगिता में चयन के लिए बधाई दी।