एक सफाई कर्मचारियों ने की थी आत्महत्या
रणबीर सिंह, सोनीपत। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा व ठेका सफाई कर्मचारी यूनियन ने नगर निगम में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के इकाई प्रधान भारत कंडेरा की अध्यक्षता में एक दिवसीय काम बंद हड़ताल की गई, जिसमें तमाम सफाई कर्मचारी, पक्के, पे-रोल, कच्चे व ठेका के सफाई कर्मचारियों ने सुबह नगर निगम सोनीपत में हड़ताल की। सुबह 7 बजे तमाम कर्मचारी इकट्ठा हुए और नगर निगम सोनीपत से गीता भवन चौक से गुडमंडी रोड से सिटी थाने में पहुंचकर प्रदर्शन किया।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी श्यामलाल द्वारा निगम अधिकारियों के दबाव में आकर आत्महत्या कर ली थी। सफाई कर्मचारी द्वारा कुछ नगर निगम के अधिकारियों के नाम अपने सुसाइड नोट में छोड़े थे। लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते इस मामले को 26 दिन हो चुके हैं, उसके बावजूद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी के चलते आज सफाई कर्मचारियों ने सिटी थाना सोनीपत के अंदर प्रदर्शन किया और सिटी थाना प्रभारी से बातचीत की गई। सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि हमने सुसाइड नोट को एफएसएल के लिए भेज दिया है।
सुसाइड नोट का सत्यापन होने के बाद नगर निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। सिटी थाना के एसएचओ ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम में पहुंच कर प्रदर्शन किया और नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की। नगर निगम के सफाई कर्मचारी श्यामलाल के आत्महत्या मामले के बारे में जानकारी दी। आयुक्त ने आश्वासन दिया है कि दोषी पर उचित कार्यवाही की जायेगी। इस मौके पर सीटू जिला कोषाध्यक्ष आनंद शर्मा, नगर पालिका इकाई प्रधान भारत कंडेरा, कमलेश, करतार, दीपक बहोत, विशाल, भारत बहोत, शहरी ठेका सफाई कर्मचारी यूनियन प्रधान अजय कुमार टॉक, यूनियन सचिव मुकेश टॉक, फायर विभाग के जिला प्रधान संदीप तूर मौजूद रहे।