- सोनीपत विधानसभा का पन्ना प्रमुख सम्मलेन आज
- मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन मुस्तैद
मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन के साथ पुलिस उपायुक्त अंशु सिंघल ने किया आयोजन स्थल का दौरा।
रणबीर सिंह, सोनीपत। भारतीय जनता पार्टी मिशन 24 के तहत पूरे हरियाणा में पन्ना प्रमुख सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। अब भाजपा की सोनीपत विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन का आयोजन 23 जुलाई को नई अनाज मंडी में किया जा रहा है। सम्मेलन में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मुख्य वक्ता के तौर पर पन्ना प्रमुखों का मार्गदर्शन करेंगे। सोनीपत विधानसभा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद हो चुका है। शनिवार को मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव जैन के साथ पुलिस उपायुक्त अंशु सिंघल ने आयोजन स्थल का दौरा किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस मौके पर राजीव जैन ने बताया कि हैलीपेड की व्यवस्था मंडी में ही की गई है।
आमजन के जाने के लिए मंडी के रोहतक रोड स्थित गेट से ऐंट्री की व्यवस्था की गई है। मंडी के मुख्य गेट से केवल मुख्य मंच पर रहने वाले नेता व जिला स्तर के कार्यकर्ता ही जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंडाल को केसरिया व हरे रंग के गुब्बारे से सजाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता गले में अपना परिचय पत्र लटका कर पहुंचेंगे। पंडाल के बाहर उनका तिलक व पटके से स्वागत होगा। विदित हो कि पिछले कई दिनों से इस सम्मलेन की तैयारी के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने हर बूथ पर जाकर कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया है, जिससे कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इस मौके पर राजीव जैन ने कहा कि पन्ना प्रमुख भाजपा की चुनाव रणनीति का एक मजबूत हिस्सा होता है।
दूसरे दलों में बड़ा पद पाने के लिए किसी का रिश्तेदार होना जरूरी है, लेकिन भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति बनकर उभर रहा है। आज देश का हर वर्ग खुश है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में पिछले साढ़े आठ सालों में प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार पर वार करते हुए सरकारी योजनाओं को ऑनलाइन किया है, ताकि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता आएं और निश्चित समय में पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का फायदा मिल सके। प्रदेश सरकार ने नौकरियों, तबादलों, सीएलयू में पारदर्शिता के साथ काम किया है, जिससे लोगों में भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों के प्रति संतुष्टि का भाव है। इस मौके पर डीएसपी जीत सिंह, मार्केट कमेटी के सचिव जितेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।