पार्टी प्रदेश अध्यक्षों को मांग पत्र सौंपकर जवाब मांगें जाएंगे : फोगाट
रणबीर सिंह, सोनीपत। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान धर्मवीर फोगाट ने सर्व कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी की मीटिंग को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार जन सेवाओं का निजीकरण कर रही है। मीटिंग को संबोधन करते हुए कहा कि 28 मई 2023 को जींद में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की भारी रैली का आयोजन किया गया। इसको प्रदेश की सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया व बातचीत करना भी उचित नहीं समझा, जिससे प्रदेश के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने निर्णय लिया है कि पहले चरण में एक जुलाई 2023 से प्रदेश में तमाम पार्टियों के प्रदेश अध्यक्षों को मांग पत्र सौंप कर जन सेवाओं के विस्तार और कर्मचारियों के मुद्दों पर उनकी सहमति व असहमति पर जवाब मांगे जाएंगे व अपनी मांग पत्र का ज्ञापन भी देंगे। दूसरे चरण में प्रदेश में तमाम नगर निगम, नगर परिषद, पंचायती राज के तहत जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे नगर पार्षद व जिला पार्षदों, सरपंचों आदि को मांग पत्र सौंप कर उनसे सहयोग की अपील करेंगे और साथ में समर्थन भी मांगेंगे। इसी कड़ी में राज्य प्रधान ने कहा कि 4 जुलाई से लगातार सोनीपत के तमाम ब्लॉकों में तमाम पदाधिकारियों की स्कूलिंग की जाएगी।
यह कार्य अगस्त माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा बड़े आंदोलन की घोषणा करेगा। जिसमें सरकार के साथ करो या मरो की लड़ाई होगी, जिसमें मुख्य मुद्दा कर्मचारियों को नियमितीकरण की पॉलिसी बना करके पक्का किया जाए, पक्का होने तक सेवा सुरक्षा की गारंटी प्रदान की जाए, खाली पड़े तमाम विभागों में पदों को नई भर्ती द्वारा भरा जाए, पुरानी पेंशन बहाल करने की घोषणा शीघ्र की जाए, 18 महीने का बकाया महंगाई भत्ते का एरियर जारी किया जाए, तमाम कर्मचारियों को 2023 ब्लॉक की एलटीसी का भुगतान शीघ्र किया जाए, कैशलैस मेडिकल सुविधा प्रदान की जाए व लिपिक वर्ग को 35400 का वेतनमान शीघ्र जारी किया जाए, वर्तमान यूनियनों को बुलाकर उनकी वेतन विसंगतियां दूर की जाए, निजीकरण पर रोक लगाई जाए।
मीटिंग की अध्यक्षता जिला प्रधान देशराज नैंन ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुनील दत्त ने किया। मीटिंग को ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के राज्य अध्यक्ष सुरेश राठी, एमपीएचईडब्ल्यू एसोसिएशन हरियाणा की अध्यक्ष रानी गहलावत, संजीव राणा, हुड्डा वर्कर यूनियन 550 के मुकेश त्यागी व अध्यक्ष विजेंद्र चहल, मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के राज्य उप महासचिव सिलकराम मलिक, हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के नवीन राणा, आईटीआई के अध्यक्ष मुकेश नेहरा, ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के बिजेंदर कादियान, विकास, देवेंद्र दहिया, महेंद्र मलिक, मुकेश त्यागी ओमप्रकाश मलिक, गोहाना ब्लाक के प्रधान रमेश अत्रि, सोनीपत के आनंद हुड्डा, महेंद्र सैनी मुरथल विश्वविद्यालय, सर्व कर्मचारी राज्य कमेटी के नेता विजय मलिक, राई एथेनिक इंडिया के रमेश, हरियाणा अध्यापक संघ रोहतास चहल ने भी अपने विचार रखे।