रणबीर सिंह, सोनीपत। जय भारत सत्याग्रह के तहत सोनीपत के सेक्टर 23 ग्राउंड पर संविधान बचाओ रैली में पहुंचे कांग्रेसी नेताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव व राज्य सभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल कहा कि बाबा साहब ने कहा था कि ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो।’ बाबा साहब जब चुनाव हार गये तो कांग्रेस पार्टी ने एक सीट खाली कराकर दोबारा बाबा साहब को संसद का सदस्य बनवाया, क्योंकि कांग्रेस पार्टी का मानना था कि बाबा साहब के बिना संसद शोभा नहीं देगी। भाजपा झूठ की राजनीति करती है उसके झूठ को पहचानना होगा।
उन्होंने भाजपा के दोहरे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि गुजरात के अमरेली में दलित डॉक्टर को पीटने वाले भाजपा सांसद के लिये अलग कानून और राहुल गांधी के लिये अलग कानून नहीं हो सकता। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा का जो मूलमंत्र दिया, उसी के आधार पर कांग्रेस पार्टी ने शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम जैसे कानून बनाये और समाज के कमजोर, पिछड़े, शोषित व वंचित वर्ग को सशक्त करने का काम किया। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से सबको बराबरी का अधिकार देने का काम किया और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर 1949 को जब संविधान को अंगीकृत किया गया तो उस समय आरएसएस और जनसंघ ने न सिर्फ संविधान का विरोध किया। भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। राहुल गांधी ने जब भारत जोड़ो यात्रा के बाद भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर सवाल पूछा तो राजनीतिक षड्यंत्र करके उनकी सदस्यता छीन ली गयी। संविधान बचाओ रैली को पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, दीपेन्द्र हुड्डा सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी संबोधित किया। सोनीपत नगर निगम मेयर निखिल मदान अपने समर्थकों के साथ रैली स्थल पर पहुंचे।