- शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए डिप्टी स्पीकर ने किया शहीदों को नमन
शहीद जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर की गई 50 लाख रुपये: रणबीर गंगवा
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा विधान सभा डिप्टी स्पकीर रणबीर गंगवा ने राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को फहराते हुए जिला, प्रदेश व देशवासियों को 74वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों व वीर शहीदों की कुर्बानियों की बदौलत ही आज हम स्वच्छं हवा में श्वांस ले रहे हैं। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने से पहले रणबीर गंगवा ने शहीद स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने श्रद्घांजलि देते हुए कहा कि हम हमारे शहीदों के सदैव ऋणी रहेंगे। तदोपरांत उन्होंने पुलिस लाइन में तिरंगा फहराते हुए शुभ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के साथ हमारे देशभक्तों के त्याग और बलिदान की एक लंबी गौरवगाथा जुड़ी हुई है। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और उधम सिंह जैसे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने लम्बा संघर्ष किया। रणबीर गंगवा ने कहा कि हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के कठोर संघर्श से हमें आजादी मिली तो वहीं दिन-रात मुस्तैदी से देष की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के कारण हमारी यह आजादी सुरक्षित है। आज पूरा देश उनका ऋणी है। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सरकार द्वारा युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। इसी प्रकार, आई.ई.डी. बलास्ट में शहीद होने पर भी अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है।
युद्ध अथवा आतंकवादियों से मुठभेड़ या किसी अन्य घटना के दौरान घायल हुए सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि नि:शक्ता के आधार पर बढ़ाकर 35 लाख रुपये, 25 लाख रुपये और 15 लाख रुपये की गई है। हमने शहीदों के 365 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी हैं। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि हरियाणा में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में मौजूदा सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र पर प्रदेश के हर क्षेत्र का समान विकास करवाने के लिए प्रयासरत है। राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन एवं सुशासन के पथ पर चलते हुए कई अनूठी पहल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर व्यक्ति को उसके घर-द्वार पर ही सरकार की योजनाओं व सेवाओं का लाभ मिले, इसके लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं व सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है।
‘मेरा परिवार-मेरी पहचान’ कार्यक्रम के तहत सभी परिवारों के परिवार पहचान-पत्र बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के फलस्वरुप प्रदेश में जन्म के समय लिंगानुपात की दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि आज हरियाणा की गिनती देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों में होती है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां पढ़ी-लिखी पंचायतें हैं। हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य भी है, जिसने शासन में पंचायती राज संस्थाओं की अधिक से अधिक भागीदारी के लिए अंतर-जिला परिषद का गठन किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में नई व्यवस्था बनाकर लोगों में नई उम्मीद जगाने का काम किया है। राज्य सरकार ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र और पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के दर्शन पर चलते हुए प्रदेश की तस्वीर बदली है, लोगों को तकदीर बदली है। प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक संस्कृति में बड़ा बदलाव किया है। समान विकास, जन-जन के कल्याण और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के माध्यम से प्रदेशवासियों को एक नये विश्वास का अहसास कराया है। आज हरियाणा के लोगों की आशाएं व आकांक्षाएं फलीभूत हो रही हैं। समाज के हर वर्ग के कल्याण-उत्थान और प्रदेश के हर क्षेत्र के समान विकास की बहुआयामी नीतियां लागू की गई हैं। विकास के लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं।