- बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रदेश की 25 टीमें भाग ले रही
- अधिकारी पूरी गंभीरता से सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता से करें
- जनता मिलन कार्यक्रम में सीएम ने लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुना
- पिथौरागढ़ में वर्ष 2017 में ट्यूलिप गार्डन बनाया
- मुख्यमंत्री आवास परिसर में ट्यूलिप की 13 प्रजातियों का रोपण किया
देहरादून, सोनीपत24, ब्यूरो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी बैडमिंटन खेल खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। यह बैडमिंटन प्रतियोगिता 17 से 19 दिसम्बर 2022 तक चलेगा। जिसमें प्रदेश की 25 टीमें भाग ले रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा शानदार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिता से कार्मिकों को साथ खेलने एवं एक दूसरे को समझने का मौका मिलता है। विभिन्न विभागों के बीच में होने वाली इस बैडमिंटन प्रतियोगिता से विभागों में आपस में समन्वय बढ़ेगा। विभागीय कार्यों के साथ खेल को भी बढ़ावा देने का यह सराहनीय प्रयास है।
खेल भावना अपने कार्यों के प्रति अनुशासन के लिए भी प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत के खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य की नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के प्रयास किये गये हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के पास प्रकृति प्रदत्त सब कुछ है। उत्तराखण्ड का प्राकृति सौन्दर्य सबको आकर्षित करता है। अपने प्राकृतिक संसाधनों के सही उपयोग से हमें उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाना है। राज्य के समग्र विकास के लिए सभी की सहभागिता अति महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए मसूरी में 03 दिन के चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही वे सचिवालय के अनुभागों के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आए लोगों की शिकायतों और समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रम में प्राप्त सभी जन शिकायतों की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी। अधिकारी पूरी गंभीरता से सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता से करें। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की शिकायतों को पूरी गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन्हें यथाशीघ्र संबंधित विभागों को भेजा जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर में ट्यूलिप की 13 प्रजातियों का रोपण किया गया। जिसमें बैंगनी एवं काले रंग के ट्यूलिप की प्रजाति भी शामिल है। पिछले साल मुख्यमंत्री आवास परिसर में ट्यूलिप की 07 प्रजातियों का रोपण किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से मौन पालन की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि मौनपालन को और अधिक बढ़ावा दिया जाए। उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित ने जानकारी दी कि पिथौरागढ़ में वर्ष 2017 में बनाये गये ट्यूलिप गार्डन बनाया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। इस बार मुख्यमंत्री आवास परिसर में अलग से पुष्प वाटिका बनाई जा रही है।