- वंदे भारत ट्रेन में सवार होकर केंद्रीय राज्य मंत्री ने किया राजधानी दिल्ली तक का सफर
- गृह मंत्री अनिल विज व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने किया अभिनंदन
- कोरोना की चुनौती के बाद रेल-रोड कनैक्टिविटी से दी विकास को रफ्तार: राव इंद्रजीत सिंह
- वंदे भारत एक्सप्रेस की बड़ी सौगात मिली, हरियाणावासियों को मिलेगा विशेष लाभ
- केंद्रीय राज्य मंत्री, सांसद व विधायक के साथ जनसमूह ने पुष्पवर्षा कर किया वंदे भारत एक्सप्रेस का स्वागत
- सोनीपत रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत में हाथों में तिरंगा लिए उमड़ा जनसैलाब
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने सोनीपत रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत करते हुए हरी झंडी दिखाकर राजधानी दिल्ली के लिए रवाना किया। वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात के लिए प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उन्होंने स्वयं भी ट्रेन में सवार होते हुए राजधानी दिल्ली तक का सफर तय किया। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय तथा योजना मंत्रालय और कारपोरेट कार्य मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में वंदे भारत एक्सप्रेस के सोनीपत पड़ाव कार्यक्रम में शिरकत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊना से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में स्वागत करते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना किया। चंडीगढ़ से अंबाला के रास्त आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का सोनीपत रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री की अगुवाई में जोरदार अभिनंदन किया गया। सभी ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पुष्पवर्षा करते हुए भारतमाता की जय-जयकार के नारे लगाए। वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार होकर आ रहे हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने सोनीपतवासियों का अभिनंदन स्वीकारते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का ट्रेन में स्वागत किया।
इसके पहले केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए करवाचौथ पर्व की बधाई देते हुए कहा कि कोरोना की चुनौतियों से पार पाते हुए देश विकास की नई बुलंदियों को छू रहा है। विकास की रफ्तार का श्रेय बेहतरीन कनैक्टिविटी को जाता है। रेल तथा रोड की शानदार कनैक्टिविटी के सहारे विकास की गति को तीव्रता प्रदान की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव फिलहाल सोनीपत में नहीं होगा। वंदे भारत एक्सप्रेस के पड़ावों में वृद्घि भविष्य में जरूरतों पर निर्भर करेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस की विशेष सौगात का लाभ हरियाणावासियों को मिलेगा, जिनको समय की बचत के साथ बेहतरीन रेल सुविधा मिलेगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशन में नीति आयोग लगातार देश के विकास के लिएशिव विहार में सुहागनों का करवा चौथ पर सामूहिक कार्यक्रम बेहतरीन नीतियों का निर्माण करता आ रहा है। देश के नव-निर्माण व चहुंमुखी विकास के लिए बेहतरीन नीतियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों की देश की प्रगति में विशेष भूमिका रहती है, जिससे आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलती है। एक नियम के तहत औद्योगिक इकाइयों को अपने लाभ का दो प्रतिशत सीएसआर के तहत सामाजिक कार्यों पर खर्च करना होता था और ऐसा न करने पर उनके ऊपर पैनल्टी लगाई जाती थी। इसमें अब बदलाव किया गया है। अब औद्योगिक इकाइयों पर पैनल्टी नहीं लगाई जाएगी, केवल जुर्माने का प्रावधान है।
सांसद रमेश कौशिक ने वंदे भारत एक्सप्रेस की बधाई देते हुए कहा कि चंडीगढ़ से दिल्ली तक के सफर में समय की विशेष बचत के साथ बेहतरीन सुविधाएं यात्रियों को मिलेगी। हरियाणावासियों को इसका विशेष फायदा होगा। विकास की गति लगातार बढ़ रही है। रेल सुविधाओं में नियमित तौर पर इजाफा किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि सोनीपत के गन्नौर हलके के तहत एचएसआईआईडीसी बड़ी में रेल कोच फैक्टरी का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसका शीघ्र ही लोकार्पण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रेल कोच फैक्टरी में वंदे भारत एक्सप्रेस की बोगियों का भी नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा। इस मौके पर काफी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।