रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई ई-नेम प्रणाली के विरोध में अनाज मंडी टेड्रस एसोसिएशन द्वारा आज तीसरे दिन भी सोनीपत अनाज मंडी के आढ़तियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखी। आढ़तियों की हडताल को आज भारतीय किसान पंचायत ने आढ़तियों के साथ दामन-चोली का साथ मानते हुए नई अनाज मण्डी में पहुंचकर आढ़तियों के धरने को समर्थन दिया। अनाज मंडी में एसोसिएशन के चेयरमैन संजय वर्मा, उपप्रधान विनोद गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार ई-नेम प्रणाली लागू करके आढ़तियों और किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। जिसको वापस लेने की मांग को लेकर लगातार आढ़ती नई अनाज मंडी परिसर में अनिश्चितकालीन हडताल पर बैठे हुए हैं।
चेयरमैन संजय वर्मा व उपप्रधान विनोद गर्ग ने कहा कि किसान की खुली बोली में फसल बिकने से किसान को फसल के अच्छे दाम मिलते हैं। जबकि सरकार नए-नए फरमान जारी करके किसान व आढ़तियों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। भारतीय किसान पंचायत के पदाधिकारियों ने कहा कि आढ़ती और किसान का चोली-दामन का साथ है। सरकार ने ई-नेम प्रणाली लागू करके प्रदेश के किसान और आढती को बर्बाद करनी चाहती है, जोकि गलत है। अनाज मंडी में अनिश्चिकालीन हड़ताल पर पवन बंसल, प्रवीन गोयल, महावीर जैन, महेन्द्र रोहिल्ला, अशोक गुप्ता, कमल मित्तल, तरूण कुच्छल, विनोद जैन, विनित, अनुज गर्ग, नवीन सिंगला, राजेश जैन आदि आढती मौजूद रहे।