बच्चों ने अपने देश के गौरव को बढ़ाते हुए अनेक भाषण दिए
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। स्वतंत्रता दिवस के इस पावन ‘अमृत महोत्सव पर्व’ को विद्यालय में भी बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। विद्यालय की साज सजावट अत्यंत आकर्षक थी। सर्वप्रथम विद्यालय प्रांगण में तिरंगा फहराया गया और शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि दी गई। बच्चों ने देशभक्ति के गीतों और नृत्यों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने ‘यह देश हमारी जान है’, ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ और ‘हम राही हैं- हम साथी हैं’ आदि गीतों पर संगीत व नृत्य के द्वारा समा बांध दिया।
अध्यापिकाओं ने सभी छात्रों को देशप्रेम व राष्ट्र के प्रति सदैव नतमस्तक रहने के लिए प्रेरित किया। लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल के बच्चों ने भी अपने मधुर गीत के द्वारा सभी का मन मोह लिया। सप्ताह भर से चल रहें आज़ादी के अमृत महोत्सव पर बच्चों द्वारा विभिन्न क्रियात्मक क्रियाओं का समापन भी 15 अगस्त के दिन ही हुआ। इस महोत्सव के अंतर्गत बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। बच्चों ने अपने देश के गौरव को बढ़ाते हुए अनेक भाषण दिए, तिरंगे झंडे व बिल्ले बनाए। स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर एक रैली निकाली, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीत गाए, नारे लगाए और नगरवासियों को अपने-अपने घर में तिरंगा झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही नुक्कड़ नाटकों के ज़रिए लोगों को देश प्रेम के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा गोयल ने सभी बच्चों व नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा ने देशप्रेम से संबंधित संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस के ‘आज़ादी के अमृत महोत्सव पर स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में सुसज्जित नन्हे-मुन्ने बच्चों का जोश व उत्साह देखते ही बनता था। बच्चों द्वारा राष्ट्रहित के लिए प्रतिज्ञा ली गई। विद्यालय के चेयरमैन तरसेम गर्ग, सेक्रेटरी विशाल गर्ग, प्रधानाचार्या आशा गोयल, उपप्रधानाचार्या गीता अरोड़ा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। अंत में राष्ट्रगान के द्वारा कार्यक्रम का समापन हुआ।