- जींद विधायक कृष्ण लाल मिढ़ा ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करते हुए 76वें स्वतंत्रता दिवस की दी बधाई
- शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए विधायक ने किया शहीदों को नमन
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने परिसर को रंग दिया देशभक्ति के रंग में
- पक्षी विहार में पक्षियों को डाला दाना, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। जींद विधायक कृष्ण लाल मिढ़ा ने पुलिस लाइन में देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को फहराते हुए दिया जिला सहित देश एवं प्रदेशवासियों को 75वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज हर भारतवासी के लिए हर्षोल्लास का दिन है। हर घर पर लहरा रहा तिरंगा पूरे देश को देशभक्ति के रंग में रंग रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणावासियों ने भी अपने घरों पर राष्ट्र ध्वज फहराकर भारत माता की शान को वैसे ही बढ़ाया है, जैसे सरहदों पर अधिक से अधिक जवानों को भेजकर देशभक्ति का परिचय देते आए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व अपनी उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ-साथ आत्म-विश्लेषण करने का भी दिन है।
यह दिन हमें यह सोचने का अवसर प्रदान करता है कि 75 वर्ष के इस कालखंड में हमने क्या हासिल किया है। नि:संदेह आजादी के बाद राष्ट्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आज कई क्षेत्रों में पूरा विश्व हमारा लोहा मानता है। उन्होंने देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि गुलामी की बेडिय़ों से आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व कुर्बान करने वाले शहीदों को सदैव स्मरण रखें। विधायक कृष्ण लाल मिढ़ा ने सर्वप्रथम शहीद स्मारक पर जाकर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि दी। तदोपरांत वे पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने शुभ संदेश देते हुए कहा कि आज हर भारतवासी के लिए हर्षोल्लास का दिन है। आज हर गली, हर मोहल्ले में तिरंगा है, हर घर – हर दफ्तर में तिरंगा है, हर वाहन, हर हाथ में तिरंगा है। पूरा देश तिरंगे के रंगों में रंगा है, देशभक्ति के रंग में रंगा है। रंगा भी क्यों न हो आज हमने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
मिढ़ा ने सभी प्रदेशवासियों को बारम्बार बधाई देते हुए कहा कि मैं इस पावन अवसर पर स्वतंत्रता की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी ज्ञात – अज्ञात शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि देता हूं। साथ ही, उन वीर सैनिकों को भी सलाम करता हूं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता व अखण्डता की खातिर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि सन 1857 की क्रांति सबसे पहले अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी। यहां से उठी चिंगारी ने न केवल प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का रूप धारण कर ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का अंत किया, बल्कि आगे चलकर ऐसा जन – आन्दोलन खड़ा कर दिया, जिसके बलबूते पर हम सन 1947 में अंग्रेजी हुकूमत को उखाड़ फेंकने में सफल रहे। सन 1857 की क्रांति के दौरान प्रदेश का हर गांव क्रांति का केन्द्र बन गया था। भिवानी का रोहणात गांव, हांसी की लाल सडक़, झज्जर की लाल डिग्गी, महम का आजाद चौक और नसीबपुर व तावडू की लड़ाई अंग्रेजी हुकूमत के जुल्मो – सितम के खिलाफ हरियाणावासियों के संघर्ष और बलिदान के साक्षी हैं।
विधायक ने कहा कि जो कौमें अपने सेनानियों, अपने शहीदों को याद नहीं रखतीं, उनका अस्तित्व मिट जाया करता है। इसी उद्देश्य से सन 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृतियों को सहेजने के लिए अम्बाला छावनी में शहीदी स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। हरियाणा की माटी के लाल राव तुलाराम ने जिला महेन्द्रगढ़ के नसीबपुर में अंग्रेजों का डटकर मुकाबला किया था। उनकी याद में वहां जल्द ही एक स्मारक बनाया जाएगा। इसी तरह रोहणात गांव के शहीदों की याद को ताजा रखने के साथ – साथ इसे आदर्श गांव बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा रोहणात फ्रीडम ट्रस्ट की स्थापना की है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बडे ही गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि अमर स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की पहल भी की है। गौरव का विषय है कि भारत के प्रधानमंत्री ने 13 से 15 अगस्त तक देशभर में हर घर में तिरंगा की अनूठी मुहिम चलाई।
उन्होंने कहा कि हमारे किसान ने अपने पसीने से देश के अन्न भंडार भरने का काम किया है तो हमारे जवान सेना में भर्ती होकर देश के लिए मर – मिटना अपनी शान समझते हैं। उन्होंने कहा कि पहले या दूसरे विश्वयुद्ध की बात हो, 1965 या 1971 का भारत – पाक युद्ध हो, 1962 में चीन के साथ हुए रेजांगला युद्ध की दास्तां हो या फिर कारगिल के ऑप्रेशन विजय का विषय, हरियाणा के जवानों ने सदैव अपने खून से इतिहास लिखा है। आज भी हमारी सेना में हर दसवां जवान हरियाणा से है। विधायक मिढ़ा ने कहा कि हम अपने शहीदों के बलिदानों का कर्ज तो नहीं चुका सकते, लेकिन उनके परिजनों की देखभाल करके उनके प्रति अपनी कृतज्ञता अवश्य जता सकते हैं। इस दिशा में भूतपूर्व सैनिक व अद्र्ध सैनिक बलों के कल्याण के लिए सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण विभाग का गठन किया है।
उन्होंने कहा कि सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान सरकार ने सबका साथ – सबका विकास और हरियाणा एक- हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए सबकी तरक्की और उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय मानते थे कि तरक्की का लाभ समाज में आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए, यही अन्त्योदय है। उनके इसी दर्शन के अनुरूप वर्तमान सरकार ने ई – गवर्नेस के जरिए व्यवस्था परिवर्तन कर सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जो मुहिम शुरू की थी, वह परिवार पहचान पत्र तक पहुंच चुकी है। इसके तहत सभी परिवारों के परिवार पहचान – पत्र बनाए जा रहे हैं। इस एकमात्र दस्तावेज से सभी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अब पात्र व्यक्ति को घर बैठे ही मिलने लगा है ।
मिढ़ा ने कहा कि खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने ओलम्पिक व अन्य अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हमारी अर्थ – व्यवस्था को आगे बढ़ाने में उद्योगों का बड़ा योगदान है। रोजगार सृजन में भी इनकी अहम भूमिका होती है। इस मौके पर विधायक कृष्ण लाल मिढ़ा को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया। विधायक द्वारा मौके पर ही पौधा रोपण भी किया गया।