रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। लिटल एंजल्स स्कूल, सोनीपत में 75वां आज़ादी का अमृत महोत्सव बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। प्रशासन के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में प्रतिदिन अनेक प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा हैं। जिसमें विद्यालय के छात्र बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। बच्चों ने अपने देश के गौरव का बखान करते हुए भाषण दिए व तिरंगे झंडे और बिल्ले बनाए। साथ ही नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया। लिटल एंजल्स स्कूल के बच्चों ने सिविल थाना टीम की देखरेख में स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर एक रैली निकाली।
जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीत गाए, नारे लगाए और नगरवासियों को अपने-अपने घर में तिरंगा झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करना हैं। प्रधानाचार्या आशा गोयल ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के इस कार्यक्रम में सभी बच्चों को बढ़चढ़ कर भाग लेने के लिए उनकी प्रशंसा की और सभी को अपने घरों में झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अपने आसपास स्वच्छता रखने के लिए जागरुक किया। उन्होंने प्लास्टिक की चीज़ों के उपयोग से बचने की भी सलाह दी। इसी के साथ उन्होंने सभी अभिभावकों को भी बधाई दी और आज़ादी के अमृत महोत्सव में बढ़चढ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।