- स्वयंसेविकाएं घर-घर जाकर लोगों को घरों में तिरंगा फहराने के लिए कर रही प्रोत्साहित
एनएसएस प्रभारी रूचिका विरमानी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ी छात्राएं
रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित किये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान की सफलता में सहयोग देने के लिए जीवीएम गर्ल्ज कालेज की एनएसएस की छात्राएं अलख जगाने का काम कर रही हैं। छात्राएं घर-घर जाकर लोगों को अभियान की जानकारी देते हुए 13 से 15 अगस्त तक घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने छात्राओं के इन प्रयासों की प्रशंसा करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराने व उतारने के नियमों की पूर्ण अनुपालना के निर्देश दिए।
जीवीएम की एनएसएस प्रभारी रूचिका विरमानी के नेतृत्व में स्वयंसेविकाएं हर घर तिरंगा अभियान में पूर्ण समर्पण व देशभक्ति के जज्बे के साथ जुट गई हैं। एनएसएस की छात्राओं ने गन्नौर व खरखौदा सहित सोनीपत नगर में पटेल नगर, अग्रसेन नगर, सेक्टर-23 गढ़ शाहजहांपुर आदि क्षेत्रों में जोरदार जागरूकता अभियान चलाया है। स्वयंसेविका रोहिणी, नेहा, अमृत, हिमानी, खुशी, अंजलि, इतिश्री, शिवानी, आरती व साक्षी कादयान ने इन क्षेत्रों में विशेष रूप से बच्चों व महिलाओं सहित क्षेत्रवासियों को हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी दी है।
इस कार्य में कालेज की एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रियंका के नेतृत्व में एनसीसी की छात्राएं भी सहयोग कर रही हैं। एनएसएस प्रभारी रूचिका व छात्राओं ने बताया कि वे लोगों को राष्ट्रीय ध्वज को फहराने व उतारने के नियमों की विशेष रूप से जानकारी दे रही हैं ताकि तिरंगे की बेकद्री न हो। पंजाब के केआरएम डीएवी कालेज के तत्वावधान में अभियान के तहत आयोजित क्विज में भी हिस्सा जीवीएम की एनएसएस की छात्राओं ने हिस्सा लिया।
एनएसएस प्रभारी रूचिका विरमानी के अनुसार छात्राएं अपने पड़ोस में लोगों को हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी दे रही हैं, ताकि उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि छात्राओं में अभियान के प्रति गजब का जोश देखने को मिल रहा है। देशभक्ति के जज्बे के साथ छात्राएं घर-घर में तिरंगा फहराने को लालायित हैं। अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए वे हाथों में तिरंगा थाम कर लोगों को प्रेरित और प्रोत्साहित कर रही हैं। आम जनमानस का भी छात्राओं को भरपूर सहयोग मिल रहा है।