- लोग अपने ही घरों में नरकीय जीवन जीने को मजबूर
- स्थानीय निवासियों का आरोप
- बार-बार शिकायत के बावजूद भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। प्रदेश की मनोहर लाल सरकार भले ही पानी को बचाने के लिए नई-नई योजनाओं को अमलीजामा पहना रही हो, लेकिन सोनीपत में नगर निगम की लापरवाही से हजारों लीटर पानी हर रोज बर्बाद हो रहा है। पाश कॉलोनियों में शुमार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बूस्टर स्टेशन से पानी ओवरफ्लो होकर ना केवल बर्बाद हो रहा है, बल्कि अब यह पानी लोगों के घरों में घुस गया है। जिससे अपने ही घरों में लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो रहे हैं। इतना ही नहीं बूस्टर स्टेशन से ओवरफ्लो हुए पानी में गंदगी भी मिल रही है और यही पानी शहर में सप्लाई किया जा रहा है।
जब इस संबंध में नगर निगम आयुक्त धर्मेन्द्र सिंह से बात करनी चाही तो, उनके गेटमैन ने मीटिंग में होने की बात कही। जब निगम आयुक्त से उनके मोबाइल 9053018101 पर संपर्क किया तो निगम आयुक्त ने फोन रिसीव नहीं किया। चिलचिलाती गर्मी में जहां लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा। वहीं सोनीपत नगर निगम की लापरवाही से ना केवल हजारों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि इस पानी में गंदगी मिलकर यही पानी लोगों के घरों तक सप्लाई किया जा रहा है। जी हां सोनीपत में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बना बूस्टर स्टेशन लोगों के लिए जी का जंजाल बनता जा रहा है।
बूस्टर स्टेशन में आए दिन पानी ओवरफ्लो हो रहा है, जिसकी तरफ ना तो कर्मचारियों का ध्यान है और ना ही अधिकारियों का। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड के बूस्टर स्टेशन में हर रोज पानी ओवरफ्लों हो रहा है और यही पानी ओवरलोड होकर लोगों के घरों में जा रहा है। घरों में पानी घुसने से लोग अपने ही घर में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो रही हैं। पानी के कारण उनका सारा सामान खराब हो रहा है। स्थानीय लोगों और महिलाओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
हर रोज घरों के अंदर कमरों तक पानी चला जाता है, जिसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। महिलाओं ने बताया कि इस पानी में गंदगी भी मिल रही है और यही पानी शहर के अलग-अलग कालोनियों में सप्लाई किया जा रहा है। दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो सकते हैं और लोगों को ना केवल बीमारी परोसी जा रही है, बल्कि आसपास के घरों का रहना भी दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए। बूस्टर स्टेशन के ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में भरे पानी के के संबंध में नगर निगम आयुक्त धर्मेन्द्र सिंह से बात करनी चाही तो, उनके गेटमैन ने मीटिंग में होने की बात कही। जब निगम आयुक्त से उनके मोबाइल 9053018101 पर संपर्क किया तो निगम आयुक्त ने फोन रिसीव नहीं किया।