निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी आप पार्टी
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। आप पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष पायलट अरुण हुड्डा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विकास के मॉडल, स्कूली शिक्षा में बेहतरी को हरियाणा की जनता ने भी सराहा है। आप पार्टी में बड़ी संख्या में पूर्व मंत्री,पूर्व सांसद,पूर्व विधायक से लेकर डॉक्टर, किसान, एडवोकेट, व्यवसायी व जनता आप में शामिल हो रहे है। पायलट अरुण हुड्डा आज सोनीपत रेस्ट हाउस में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सोनीपत के सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी मनोज गुप्ता को आप की टोपी ओर पटका पहना कर पार्टी में शामिल किया। अरुण हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार और न्याय की लाचार व्यवस्था के कारण दुखी है। उन्होंने दावा किया कि अभी हरियाणा में नगर पालिका, नगर परिषद चुनावों तथा आने वाले हरियाणा के लोकसभा और विधान सभा में आप पार्टी बेहतरीन नतीज़े देगी।
दिल्ली और पंजाब की तर्ज़ पर हरियाणा में भी आप पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार में लगातार महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी और लचर कानून व्यवस्था से आम आदमी परेशान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पर सभी रोडों की हालत खराब है, आए दिन कई-कई घंटे बिजली गायब रही है, कई तरह की समस्याएं यहां पर बनी हुई है। सभी समस्याओं से तभी छुटकारा मिलेगा, जब हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। निकाय चुनावों में आप पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी और भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेगी। सभी सीटों पर आप के उम्मीदवार लड़ रहे हैं। प्रति दिन काफी संख्या में लोग पार्टी से जुड रहे हैं। इस अवसर पर नकीन मेहरा, नरेंद्र हुड्डा, शैलेन्द्र सरोहा, सोनू मलिक, दीपक खत्री, पवन खत्री, रितिक खत्री आदि मौजूद रहे।