- नगरपालिका कर्मचारी संघ ने मांगों को लेकर शहर में निकाला रोष प्रदर्शन
- रोष प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
- नगर निगम परिसर में दो दिवसीय पेन डाउन, टूल डाउन हड़ताल का दूसरा दिन
श्याम वशिष्ठ, सोनीपत। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सोनीपत नगर निगम परिसर में दो दिवसीय पेन डाउन, टूल डाउन हड़ताल के दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान कई कई संगठनों के पदाधिकारियों ने हडताल को संबोधित किया। इस मौके पर हडताली कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी भी की। दूसरे दिन की पेन डाउन टूल डाउन हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान भारत कंडेरा व मंच संचालक इकाई सचिव राजा भाई ने किया। हडताली कर्मचारियों को राजीव खत्री, संदीप तूर, जयभगवान दहिया, राममेहर शर्मा आदि ने संबोधित करते हुए कहा कि जब तक सफाई कर्मचारियों की मांगों का समाधान किया जाएगा, तब तक कर्मचारियों में रोष व्याप्त रहेगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम को बंद किया जाए। सरकार के साथ जो कर्मचारियों का समझौता हुआ था, उसे लागू किया जाए। उन्होंने दो दिवसीय दिवसीय पेन डाउन, टूल डाउन हड़ताल को सफल बताया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार समय रहते सभी मांगों का समाधान नहीं किया तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में तब्दील किया जा सकता है। जिसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मुख्य मांगें है कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम को बंद करें, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करके पैरोल पर करना कच्चे कर्मचारियों को पक्का करे, समान काम समान वेतन लागू हो, कोरोना काल के दौरान मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता के तौर पर 5 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए व मृतक के परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, कर्मचारियों को 4 हजार रुपए जोखिम भत्ता दिया जाए, हटाये हुए सफाई कर्मचारियों को डियुटी पर वापस लिया जाए।
दूसरे दिन की पेन डाउन टूल डाउन हड़ताल को फायर विभाग यूनियन के जिला प्रधान संदीप तुर, जिला सचिव अमित दहिया, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, नगर पालिका यूनियन के इकाई कोषाध्यक्ष दीपक बहोत, उपसचिव कमलेश, वरिष्ठ उपप्रधान करतार सिंह, भारत बोहत, कांता, कमलेश, सननी सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के नेता शीलक राम मलिक, जिला के प्रधान राममेहर शर्मा, जिला सचिव जय भगवान दहिया, बिजली विभाग यूनियन के जिला प्रधान बिजेंद्र कादयान ने कर्मचारियों को संबोधित किया।