87.40 प्रतिशत अंकों के साथ चंचल ने दर्ज की उपलब्धि, टॉप-10 में पांच छात्राएं शामिल
रणबीर सिंह, सोनीपत। जीवीएम गर्ल्ज कालेज की छात्रा चंचल ने 2150 में से 1879 (87.40 प्रतिशत) अंकों के साथ एमए ज्योग्रफी चतुर्थ सैमेस्टर में विश्वविद्यालय फतह किया है। टॉपर चंचल सहित कालेज की पांच छात्राओं ने विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में नाम दर्ज करवाया है। इस दमदार उपलब्धि पर संस्था के प्रधान डा. ओपी परूथी व प्राचार्या डा. रेनू भाटिया ने छात्राओं व स्टाफ को बधाई दी है। जीवीएम के ज्योग्रफी विभाग के अध्यक्ष केसी नैन ने बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक ने एमए ज्योग्रफी के चतुर्थ सैमेस्टर के परीक्षा परिणामों की घोषणा की है, जिसमें जीवीएम की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए प्राध्यापिका डा. पिंकी दहिया ने बताया कि कालेज छात्रा चंचल विश्वविद्यालय की टॉपर बनी है। विश्वविद्यालय के पहले तीनों स्थानों पर जीवीएम की छात्राओं ने कब्जा जमाया है।
जीवीएम की छात्रा पूजा शुक्ला ने 2150 में से 1851 (86.09 प्रतिशत) अंक लेते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर दूसरा स्थान, शिल्पा ने 1798 (83.63 प्रतिशत) अंकों के साथ तीसरा स्थान तथा कशिश ने 1780 (82.79 प्रतिशत) अंक लेकर चौथा स्थान और प्रिया वत्स ने 2150 में से 1771 (82.37 प्रतिशत) अंक अर्जित कर विश्वविद्यालय स्तर पर आठवां स्थान हासिल किया है। इस मौके पर ज्योग्रफी विभागाध्यक्ष केसी नैन सहित प्राध्यापिकाओं डा. पिंकी दहिया, कीर्ति, रूचि, कविता, खुशी और शिवानी ने भी टॉप-10 सूची में शामिल छात्राओं को बधाई दी है। इस अवसर पर प्राचार्या डा. रेनू भाटिया के नेतृत्व में छात्राओं का अभिनंदन किया गया। प्राचार्या ने कहा कि विश्वविद्यालय की टॉपर सूची में नाम दर्ज होना बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए दिन-रात ईमानदारी से कठोर परिश्रम करना होता है। छात्राओं की मेहनत रंग लेकर आई है।