नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने यूनियन कार्यालय में की बैठक
रणबीर सिंह, सोनीपत। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम यूनियन कार्यालय में मीटिंग की गई। जिसकी अध्यक्षता इकाई प्रधान भारत कंडेरा व मंच संचालक सचिव राजा भाई ने किया। मीटिंग में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पूरे प्रदेश में हरियाणा कौशल रोजगार निगम को लागू कर रही है, जिसकी वजह से पूरे प्रदेश में कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग में कोरोना काल के दौरान लगाये गये कर्मचारियों को जिन्हें कोरोना योद्धा के नाम से जानते हैं, उनको एक अप्रैल 2022 से ड्यूटी से हटा दिया गया है, जिन कर्मचारियों का सरकार ने ताली बजाकर फूल डाल कर स्वागत किया था, उन्हीं को अब बेरोजगार कर रही है। सरकार समय रहते इन कर्मचारियों का रोजगार वापिस करें, रोजगार सुरक्षा की गारंटी दे, इन कर्मचारियों को एनएचएम में शामिल करें।
अगर सरकार समय रहते कर्मचारियों का रोजगार वापस नहीं देती तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पूरे प्रदेश में आंदोलन को तेज करेगा। हरियाणा सरकार द्वारा फायर विभाग के कर्मचारियों को कौशल रोजगार निगम में शामिल करने के लिए कहा गया, परंतु कर्मचारियों ने इसकी खिलाफत करते हुए मनाकर दिया। कोई भी कर्मचारी कौशल में शामिल नहीं होगा। अगर सरकार दबाव बनाती है या हठधर्मिता करती है तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। आने वाली 15 अप्रैल को नगर पालिका परिषद निगमों में डीएमसी के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने के लिए सरकार व संघ के बीच हुए समझौते 15 अप्रैल 17 अगस्त 2020 को लागू किया जाए। अगर सरकार समय रहते मानी गई मांगों का समाधान नहीं करती तो नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पूरे प्रदेश में बड़े आंदोलन की घोषणा करेगा।