- बरवाला विधायक के खासमखास माने जाने वाले निवर्तमान महिला पार्षद के पति व एक अन्य ने सरकार को लगाया लाखों का चूना
- नगरपालिका की जमीन पर सरसों की फसल बेचकर हुआ रफूचक्कर
हिसार (राजेश सलूजा) : नगरपालिका बरवाला की कृषि भूमि पर निवर्तमान महिला पार्षद के पति व एक अन्य ने अवैध रूप से सरसों व जौ की फसल उगा दी। मजे वाली बात देखिए कि नगरपालिका की इस कृषि भूमि पर सरसों की फसल उगा कर व बेचकर निवर्तमान महिला पार्षद के पति व एक अन्य ने लाखों रुपए से अपनी जेबे भी भर ली। यह निवर्तमान महिला पार्षद का पति बरवाला हलके के विधायक का खासमखास माना जा रहा है। बिना बोली के नगरपालिका की इस कृषि भूमि पर खेती करने वाले निवर्तमान महिला पार्षद के पति व एक अन्य ने सरसों की फसल तो तैयार कर बेच दी बल्कि जौ की फसल को भी काटने की तैयारी चल रही थी, जिसे गत दिवस बरवाला नगरपालिका प्रशासन ने कटवाकर अपने कब्जे में लेकर नगरपालिका परिसर में रखवा दी है। बरवाला शहर में नगरपालिका की लगभग 20 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से खेती करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठने लगी है।
यह था मामला
बरवाला में नगरपालिका प्रशासन की मिलीभगत से नगरपालिका की लगभग 20 एकड़ जमीन पर खेती की जा रही है। इस जमीन को बोली के माध्यम से दी जाती तो सरकार को लाखों रुपये का राजस्व होता। बरवाला नगरपालिका की 39 नंबर प्लॉट जो कि 20 एकड़ कृषि भूमि पर बिना पट्टे पर दिए सरसों व जौ की फसल बोई हुई थी। नगरपालिका की जमीन पर सरसों व जौ की फसल उगाने वाले बरवाला नगरपालिका की निवर्तमान महिला पार्षद का पति व एक अन्य शामिल हैं। बरवाला हलके के विधायक के खासमखास माने जाने वाले निवर्तमान महिला पार्षद का पति आजकल काफी सुर्ख़ियों में है। गत दिवस इस मामले के सुर्खियों में आने पर बरवाला नगरपालिका प्रशासन ने आनन-फानन में जौ की फसल को काटकर नगरपालिका परिसर में रखवा दिया है।
मामला दर्ज होना चाहिए : एडवोकेट श्योकंद
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ऑल इंडिया कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट राजेश श्योकंद ने कहा कि इस मामले की तह तक जाना जरूरी है, तभी इस मामले का पूरी तरह से पर्दाफाश हो सकेगा। एडवोकेट श्योकंद ने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ऑल इंडिया कांग्रेस पार्टी के आवाज उठाने पर नगरपालिका प्रशासन ने आनन-फानन में सरकार को चूना लगाकर 20 एकड़ पर अवैध रूप से खड़ी जौ की फसल को तो काटकर नगरपालिका परिसर में रखवा दिया गया है, लेकिन अभी तक इस मामले के आरोपियों पर मुकदमा दर्ज न करना नपा प्रशासन की मिलीभगत की ओर इशारा करती है।
एडवोकेट श्योकंद ने आरोप लगाया कि नगरपालिका की लगभग 20 एकड़ जमीन पर जिन लोगों की फसल लहलहा रही थी, अब उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। एडवोकेट श्योकंद ने चेतावनी दी कि यदि नगरपालिका प्रशासन ने जमीन पर अवैध रूप से फसल उगाने वालों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया तो राजीव गांधी पंचायती राज संगठन धरना देगा और मुख्यमंत्री व गृहमंत्री से मिलकर बरवाला नगरपालिका के कारनामों को उजागर करेगा।
क्या कहते हैं नगरपालिका सचिव
नगरपालिका की कृषि योग्य भूमि पर फसल की बुआई करके अवैध कब्जे बारे जब नगरपालिका सचिव गौरव शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जब उन्होंने नगरपालिका बरवाला में सचिव का पदभार संभाला था तो उस समय दो और नगरपालिकाओं आदमपुर व सिसाय में भी सचिव पद संभाला हुआ था। कार्य की अधिकता होने के कारण बरवाला नगरपालिका की कृषि भूमि पर अवैध कब्जा होने का मामला संज्ञान में नहीं आ पाया। जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली तो तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए नगरपालिका की कृषि भूमि पर खड़ी तैयार जौ की फसल को पुलिस की मौजूदगी में कटवा कर कब्जे में लेकर नगरपालिका परिसर में रखवा दिया गया है। वो नगरपालिका के हित में हर संभव प्रयासरत रहेंगे और बरवाला के विकास में आमजन का सहयोग करेंगे।