रणबीर सिंह, सोनीपत। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर एक दूसरे को गुलाल लगाकर लड्डू बाटे और बधाई दी। उत्साह और उमंग के साथ कार्यकर्ता ढोल की थाप पर जमकर नाचे। महिला कार्यकर्ता का उत्साह देखते ही बनता था। पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि चुनावी नतीजों से साफ है कि मतदाताओं ने राष्ट्रवाद की नीतियों पर मोहर लगाई और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लाभ का असर दिखाई दिया है।
उन्होंने कहा कि विरोध में पूरे विपक्ष ने भाजपा को हराने के लिए पूरी ताकत लगाकर भ्रम जाल फैलाने की कोशिश की, परंतु मतदाताओं ने विशेषकर उत्तर प्रदेश, मणिपुर, गोवा, उत्तराखंड में विकासात्मक नीतियों को पसंद किया है। राजीव जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बड़ी जीत ने केंद्र में 2024 की जीत का रास्ता साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि समझदार मतदाताओं ने उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में 37 वर्षों के बाद सत्तारूढ़ भाजपा की दोबारा सरकार बना कर रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 5 वर्षों तक लगातार योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा कर जमीनी कार्य करती है। उसी का परिणाम है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका पूरे देश में बज रहा है।