अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बाल युवा नारी जागृति मंच ने दिया अवार्ड
हिसार, (राजेश सलूजा)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बाल युवा नारी जागृति मंच द्वारा दिल्ली में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। दिल्ली के अर्जुन क्रिकेट एकेडमी सिविल लाइन में आयोजित नारी रत्न सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में बरवाला से समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश सलूजा को पत्रकारिता वह समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर प्रतिभा रत्न सम्मान-2022 अवार्ड से सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान बाल युवा नारी जागृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद बाला धनखड़ तथा संरक्षक मुकेश कुमार भोगल द्वारा प्रदान किया गया। प्रतिभा रतन सम्मान मिलने पर खुशी जताते हुए सलूजा ने बाल युवा नारी जागृति मंच का आभार जताया। सलूजा ने कहा कि बाल युवा नारी जागृति मंच समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित कर उन्हें उत्साहित करते रहता हैं।
उन्होंने कहा कि मंच का यह कदम काफी सराहनीय है। समारोह में बरवाला के डेरा संत बाबा देवेंद्र शाह सिंह सेवा संस्थान की चेयरपर्सन नवप्रीत कौर शाह को सामाजिक, धार्मिक व महिलाओं को जागरूक करने में किए गए सराहनीय कार्य करने पर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर खुशी जताते हुए नवप्रीत कौर ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में सामाजिक धार्मिक व महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करने के लिए और ज्यादा उत्साहित करेगा। उन्होंने इस सम्मान के लिए बाल युवा नारी जागृति मंच का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी भी क्षेत्र में स्वंय को कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।