-
बाल युवा नारी जागृति मंच द्वारा नारी रत्न सम्मान से किया सम्मानित
-
महिला सुरक्षा संगठन फाउंडेशन द्वारा सम्मान पत्र देकर बढाया मान
रणबीर सिंह रोहिल्ला, ग्रुरूग्राम। प्रमुख समाज सेविका एवं विश्व रोहिल्ला राजपूत संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिता रोहिल्ला राजपूत को अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस पर बाल युवा नारी जागृति मंच द्वारा नारी रत्न सम्मान व महिला सुरक्षा संगठन फाउंडेशन द्वारा समाज उत्थान के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर विश्व रोहिल्ला राजपूत संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिता रोहिल्ला राजपूत ने कहा कि बाल युवा नारी जागृति मंच व महिला सुरक्षा संगठन फाउंडेशन द्वारा आज उन्हें जो यह सम्मान दिया गया है, उसके लिए वे दोनों संस्थाओं की बहुत आभारी हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बोलते हुए अनिता रोहिल्ला राजपूत ने कहा कि आज नारी अपने साहस के बल पर पूरे आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहरा रही है। नई सदी की नारी के पास कामयाबी के उच्चतम शिखर को छूने की अपार क्षमता है। संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि समाज के दो पंख है एक स्त्री व दूसरा पुरुष। दोनों पंख समान होंगे तभी समाज, देश व राष्ट्र का विकास होगा। अनिता रोहिल्ला ने कहा कि दृढ इच्छा शक्ति एवं शिक्षा ने नारी मन को उच्च आकांक्षाएं, सपनों के सप्तरंग एवं अंतर्मन की परतों को खोलने की नई राह दी है, जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता निवास करते हैं। हर क्षेत्र में महिलाएं पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। संस्कारों की जन्मदात्री नारी शक्ति ही है।
विश्व रोहिल्ला राजपूत संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिता रोहिल्ला राजपूत ने इस दिवस की महत्ता बताते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रत्येक व्यक्ति को प्रण लेना चाहिए कि वह अपनी बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाएगा, ताकि उसकी बेटी एक दिन समाज व देश का नाम रोशन कर सके। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं का सम्मान करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में विजय परचम लहरा रही है। आजकल महिलाएं डाक्टर, इंजीनियर, पायलट, सैनिक, शिक्षा व राजनीति के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटी ही दो परिवारों को जोड़कर रखती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।