- नगर निगम मेयर, निगम आयुक्त और संयुक्त आयुक्त सहित तमाम आला अधिकारी रहे मौजूद
- नगर निगम क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी लगातार जारी रहेगा सफाई अभियान : निखिल मदान
- सफाई अभियान में कूड़े के निस्तारण और वर्गीकरण के बारे में आमजन को किया गया जागरूक
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। वीरवार सुबह शहर के सेक्टर 23 में नगर निगम मेयर निखिल मदान, नगर निगम आयुक्त धर्मेंद्र सिंह, डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर वीरेन्द्र सिंह, संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र सहित नगर निगम सफाई विभाग के सभी संबंधित कर्मचारियों ने सेक्टर 23 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सदस्यों के सहयोग से सफाई अभियान एवं कचरा मुक्त सोनीपत अभियान चलाया। इस मौके पर मेयर निखिल मदान सहित सभी निगम अधिकारियों ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई व्यवस्था की कमान संभाली और श्रमदान किया। मेयर निखिल मदान ने मौके पर मौजूद नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारियों को सफ़ाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। मेयर मदान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सेक्टर 23 के मुख्य मार्ग पर कूड़े का डंपिंग पॉइंट होने का मामला उनके संज्ञान में आया था, जिसे अब हटा दिया गया है। अब उस प्वाइंट पर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण करवाया जा रहा है।
निगम आयुक्त धर्मेंद्र सिंह ने मौके पर मौजूद आमजन को कहा कि आज शहर में कूड़े का वर्गीकरण और निस्तारण की सबसे ज्यादा जरूरत है, हम सबको गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग करके उसका निस्तारण करना चाहिए। गीले कूड़े में जैसे बचा हुआ खाना, सब्जी, फल इत्यादि आते है, जिसका उपयोग कम्पोस्ट बनाकर घर के अंदर लगे पेड़ पौधों में खाद के रूप में डालकर किया जा सकता है। वहीँ सूखे कूड़े से बिजली संयत्र में बिजली का निर्माण किया जा सकता है। मेयर निखिल मदान ने कहा कि इस तरह का सफाई अभियान अब हर सप्ताह नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में चलाया जाएगा। जिसमें आमजन की भागीदारी को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। शहर की आबादी क्षेत्र में मौजूद सभी कूड़ा डंपिंग पॉइंट्स को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। निगम क्षेत्र के हर घर से कूड़ा उठाने का कार्य कर रही कम्पनी के अधिकारियों को भी कूड़ा उठाने के कार्य को व्यवस्थित रूप से करने के निर्देश दिए है। जिसमें सुधार दिखाई दे रहा है।