रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। महान विचारक एवं राष्ट्रवादी सोच के अग्रज भूतपूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ मंगल सेन के जन्मदिन पर पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कविता जैन ने सोनीपत सेक्टर 15 स्थित कैंप कार्यालय परिसर में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए नमन किया गया।
कविता जैन ने प्रदेश व्यापी 7 लाख घरों में राम-राम अभियान के तहत अपने बूथ संख्या 55 के 10 घरों में जाकर परिवारजनों से राम-राम की और 7 वर्षो में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताया। पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि दिखावा करके दुनिया में लोग आगे बढ़ते हैं, लेकिन यदि हम खुद के अंदर से दिखावे को उखाड़ कर जनता की आवाज बनने की कोशिश करेंगे तो समाज और राष्ट्र के लिए अपनी जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि डॉ मंगल सेन का जीवन आंतरिक एवं बाहरी तौर पर राष्ट्र, समाज को समर्पित था। उनकी दूरगामी विचारधारा पर चलते हुए प्रदेश में भाजपा की लगातार दूसरी बार सरकार है।
आज उनकी बदौलत हमें जनसेवा करने तथा समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति को सामाजिक और आर्थिक स्तर पर उठाने का अवसर मिला है। जिसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह समाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोते हुए जनसेवा करें तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों का लाभ उपयुक्त व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व बनता है कि हम एक इकाई के तौर पर पार्टी को मजबूत करें, ताकि डॉ मंगलसेन की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सके।