- आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अब 15 अगस्त 2023 तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित करेंगे विभाग
- -मुख्य सचिव विजय वर्धन ने वीसी के माध्यम से सभी उपायुक्तों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव अब 15 अगस्त, 2023 तक मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों की गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों जरूरी दिशा निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को आजादी के अमृत महोत्सव के साथ जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि इस अमृत महोत्सव में सभी सरकारी विभागों के साथ-साथ गैर सरकारी संगठनों को भी शामिल किया जाए। मुख्य सचिव विजय वर्धन ने सभी उपायुक्तों को इस अनुरूप अपने-अपने जिला में आयोजित करवाए जाने वाले कार्यक्रमों का शैड्यूल कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ यह भी कहा गया है कि इस महोत्सव को जन आंदोलन बनाने के लिए इसके प्रतीक चिन्ह् का प्रयोग सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म, सरकारी स्टेशनरी, विज्ञापनों, सरकारी विभागों की वेबसाइट तथा सभी प्रकार के सरकारी पत्राचार आदि में किया जाए।
बैठक में उपस्थित मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न भागों में आजादी आंदोलन से जुड़ी स्मृतियां अथवा स्थल हैं, जिनको इस महोत्सव के साथ जोडक़र उनकी कहानी प्रकाश में लाई जा सकती है। इसमें उस ऐतिहासिक गांव अथवा कस्बे के लोगों को भी शामिल किया जा सकता है। प्रधान सचिव उमाशंकर ने कहा कि हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर 31 अक्टूबर को आजादी के अमृत महोत्सव से जोडकर हर जिला में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसमें प्रदेश के सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से भेजे जाने वाले कार्यक्रमों के अलावा, स्थानीय कलाकारों तथा स्कूल व कॉलेज की बेहतरीन प्रस्तुतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशवासियों की भागीदारी से आजादी के अमृत महोत्सव पर फोकस करते हुए एक कैलेंडर तैयार किया जाएगा जो प्रदेशवासियों में वितरित किए जाएंगे ताकि महोत्सव का संदेश प्रदेश के हर घर में पहुंचे।
उन्होंने कहा कि हम आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहीद स्मारकों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाए। वीडियो कांफ्रेंस के बाद उपायुक्त ललित सिवाच ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रम में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी नीतियों तथा करवाए जा रहे विकास कार्यों की झलक विभिन्न कार्यक्रमों में दिखाई जाए ताकि लोगों को सरकार की नीतियों के बारे में जागरू किया जा सके। इसके अलावा गांव में ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाए जो गांव की प्राचीन गाथा और इतिहास के बारे में जानकारी रखते हैं। ताकि जिला के गांवों के उपर विशेष लेख लिखा जा सके।