रणबीर रोहिल्ला, सोनीपत। हरियाणा स्टेट काउंसिल फॉर द डैफ द्वारा भीम स्टेडियम भिवानी में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें पूरे प्रदेश के 9 जिलों के मूक बधिर खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में सोनीपत के लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल के 6 खिलाड़ियों (हंस, हन्नी, शुभम, कार्तिक, आरती व वंषिका) ने अंडर-16 व अंडर-18 आयु वर्ग में भाग लिया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरूष वर्ग अंडर-16 में हंस ने दो स्वर्ण पदक, हन्नी ने एक स्वर्ण पदक, एक रजत पदक, शुभम ने क रजत पदक, एक कांस्य पदक, कार्तिक ने एक रजत पदक, एक कांस्य पदक वहीं महिला वर्ग अंडर-16 में आरती ने दो स्वर्ण पदक, वंषिका एक स्वर्ण पदक, एक रजत पदक प्राप्त किया। अंडर-18 पुरूष वर्ग में हंस ने दो रजत पदक, हन्नी ने एक रजत पदक, एक कांस्य पदक, शुभम ने दो कांस्य पदक, कार्तिक ने एक कांस्य पदक व अंडर-18 महिला वर्ग में आरती ने दो कांस्य पदक व वंषिका ने भी दो कांस्य पदक के साथ सभी खिलाड़ियों ने कुल 23 पदक जीतकर स्कूल व सोनीपत जिले का नाम रोशन किया।
सभी विजयी खिलाड़ी आगामी फरवरी माह वर्ष 2022 में ग्वालियर मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सेक्रेटरी डॉ. विशाल गर्ग ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को सराहा व शुभकामनाएं दी। विद्यालय पहुंचने पर लिटल एंजल्स स्कूल की प्रधानाचार्या आशा गोयल और लिटल एंजल्स इंक्लूसिव स्कूल की प्रधानाचार्या सोनिया अरोड़ा ने सभी विजयी खिलाड़ियों का फूल मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।